• Sat. Jul 18th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

गैरी सोबर्स: 12 उंगलियां, एक ओवर में छह छक्के और 365 रन की पारी को कौन भूल सकता है

Byadmin

Jul 17, 2026


सारांश

  • वेस्टइंडीज़ के दिग्गज पूर्व ऑलराउंडर सर गारफ़ील्ड सोबर्स का 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है.
  • सोबर्स ने 1954 से 1974 के बीच 93 टेस्ट मैच खेले. इस दौरान उन्होंने 8,032 रन बनाए और 235 विकेट लिए.
  • 1968 में सोबर्स प्रथम श्रेणी क्रिकेट के एक ओवर में छह छक्के लगाने वाले पहले खिलाड़ी बने थे.
  • पढ़िए उनके बारे में बीबीसी न्यूज़ हिन्दी का 29 जुलाई 2022 को प्रकाशित किया गया ये लेख
बाएं हाथ के बेहद आकर्षक बल्लेबाज़ सोबर्स ने 1958 में पाकिस्तान के ख़िलाफ़ नाबाद 365 रन बनाए थे. यह पारी 36 वर्षों तक टेस्ट क्रिकेट का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर रही
इमेज कैप्शन, बाएं हाथ के बेहद आकर्षक बल्लेबाज़ सोबर्स ने 1958 में पाकिस्तान के ख़िलाफ़ नाबाद 365 रन बनाए थे. यह पारी 36 वर्षों तक टेस्ट क्रिकेट का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर रही

क्रिकेट जगत के महान ऑलराउंडर सर गैरी सोबर्स ने जब होश संभाला तो अपने दोनों हाथों में पांच-पांच अंगुलियां और एक-एक अंगूठा देखकर वे जरा भी परेशान नहीं हुए.

सोबर्स ने अपनी जीवनी के पहले अध्याय में इसका विस्तार से उल्लेख किया है. वह लिखते हैं कि “निश्चित रूप से बहुत से लोग यह दावा करते हैं कि मेरी क़िस्मत इसीलिए बहुत अच्छी थी, क्योंकि मेरे हाथों में दो उंगलियां ज़्यादा थी.”

“यह उनकी अपनी सोच तो हो सकती है, लेकिन मैंने इसके बारे में कभी भी ज़्यादा नहीं सोचा था. दोनों हाथों में छह-छह उंगलियों की वजह से मुझे कोई परेशानी नहीं हुई और न ही मेरा कोई काम रुका.”

उनका कहना है कि “वेस्टइंडीज़ में अभी भी बहुत से लोग असामान्य शारीरिक बनावट वाले हैं. मैं ख़ुद एक ऐसे वेस्टइंडीज़ के नागरिक से मिला हूं, उसे भी मेरी तरह दोनों हाथों में अतिरिक्त उंगलियां थीं.”

गैरी सोबर्स ने ये दो अतिरिक्त उंगलियां हमेशा अपने साथ नहीं रहने दी थीं. जब वे नौ या दस वर्ष के थे, तब एक हाथ की अतिरिक्त उंगली को किसी धारदार हथियार पर रखकर काट दिया था. जबकि दूसरे हाथ की अतिरिक्त उंगली को तेज़धार चाकू से काट दिया था, उस समय उनकी उम्र पंद्रह वर्ष थी.

By admin