इमेज स्रोत, @MMuizzu
मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू ने पाकिस्तान की अपनी पहली स्टेट विज़िट को दोनों देशों के संबंधों के लिए अहम बताया है.
उन्होंने एक्स पर किए गए एक पोस्ट में बताया कि मालदीव और पाकिस्तान अगले दो साल में द्विपक्षीय व्यापार को 13 मिलियन डॉलर से बढ़ाकर 200 मिलियन डॉलर तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.
मुइज़्ज़ू ने पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ़ अली जरदारी, प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ और वहां के लोगों का गर्मजोशी से स्वागत और मेहमाननवाज़ी के लिए आभार जताया.
उन्होंने लिखा, “मेरी पत्नी, प्रतिनिधिमंडल और मेरे प्रति असाधारण गर्मजोशी, स्नेह और शानदार मेहमाननवाज़ी के लिए आपका धन्यवाद.”
उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान 20 समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान हुआ.
उनके मुताबिक, मालदीव-पाकिस्तान बिज़नेस फ़ोरम से दोनों देशों के बीच निवेश, व्यापारिक साझेदारी और आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देने की नींव रखी गई है.
मुइज़्ज़ू ने लिखा, “मैं इस्लामाबाद से यादगार अनुभवों, गहरी कृतज्ञता और इस नए विश्वास के साथ विदा ले रहा हूं कि हमने एक अधिक मज़बूत, गतिशील और दोनों पक्षों के लिए लाभकारी साझेदारी की नींव रखी है.”
“हमारी छह दशकों की दोस्ती हमें यहां तक लेकर आई है. अब हमारी साझा सोच और दृढ़ संकल्प हमें नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे.”