इमेज स्रोत, Aaron Schwartz/Getty Images
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को लेकर बड़ा बयान दिया है.
ट्रंप ने कहा कि वह दोनों देशों के बीच शांति वार्ता कराने की कोशिश कर रहे हैं और ऐसा कोई कदम नहीं उठाना चाहते, जिससे रूस बातचीत से पीछे हट जाए.
डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट किया, “रूस को लेकर मेरा फ़ैसला बहुत स्पष्ट है. मैं रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध को ख़त्म करने और शांति लाने के लिए बातचीत कर रहा हूं. मैं ऐसा कुछ नहीं करना चाहता, जिससे रूस बेवजह बातचीत की मेज़ से दूर चला जाए.”
“रूस, ईरान की मदद करने के लिए बहुत कम काम कर रहा है, जबकि वह इससे कहीं ज़्यादा मदद कर सकता है. मैं चाहता हूं कि ऐसा ही बना रहे और मैं इसे ऐसा ही रखूंगा, जब तक कि कुछ मूर्ख लोग इसमें रुकावट न डालें.”
ट्रंप ने लिखा, “ज़ेलेंस्की रूस की डीज़ल रिफ़ाइनरियों को निशाना बना रहे हैं. उन्हें पता है कि इन हमलों से दुनिया के डीज़ल बाज़ार पर बुरा असर पड़ रहा है, जिसमें अमेरिका का बाज़ार भी शामिल है. किसान, पशुपालक और हर तरह के कारोबार करने वाले लोग इससे बहुत ज़्यादा परेशान हो रहे हैं. इसके बावजूद रूस दुनिया को कम क़ीमत पर लाखों बैरल डीज़ल भेज रहा है.”
“ज़ेलेंस्की को इसकी परवाह नहीं है. सच कहूं तो यूरोप उन्हें जो भारी रकम दे रहा है और पहले जो पैसा बाइडेन ने उन्हें दिया था, उसके बावजूद वह इस युद्ध को ख़त्म नहीं करना चाहते. शायद वह कभी इसे ख़त्म करना चाहते ही नहीं थे. दो साल पहले वह आज के मुक़ाबले कहीं बेहतर समझौता कर सकते थे.”
ट्रंप ने कहा, “उनका देश बर्बाद हो चुका है, उनके देश का एक बड़ा हिस्सा हाथ से निकल चुका है, उनके समुद्र और महासागर उनके हाथ से जा चुके हैं और उनके देश में पुरुषों की संख्या कम हो गई है. कई पुरुष घायल हैं या मारे जा चुके हैं. मैं चाहता हूं कि यह युद्ध ख़त्म हो!”
गौरतलब है कि डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में रूस पर लगे प्रतिबंध में छूट देने का एलान किया था, जिसके बाद यूक्रेन ने नाराज़गी ज़ाहिर की थी.