इमेज स्रोत, SAUL LOEB / AFP via Getty Images
अमेरिका में मिडटर्म इलेक्शन के आए नतीजों को लेकर ईरान के अलग-अलग राजनीतिक विचारों वाले अख़बारों ने विस्तृत कवरेज की है. इन अख़बारों ने इसे ‘अफ़रा-तफ़री, आपसी खींचतान और ईरान युद्ध को लेकर एक-दूसरे पर आरोप लगाने की स्थिति’ के रूप में दिखाया है.
हार्डलाइन अख़बारों ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के आसपास हो रहे बदलावों को ‘अमेरिका में सत्ता परिवर्तन’ का नाम दिया और इसे रिपब्लिकन पार्टी के भीतर बढ़ते मतभेदों का सबूत बताया.
जबकि रिफ़ॉर्मिस्ट अख़बारों ने अमेरिकी प्रशासन के भीतर बढ़ती दरार को दिखाया. उनके मुताबिक़, प्रशासन में कुछ लोग ईरान से बातचीत के पक्ष में हैं, कुछ सैन्य कार्रवाई बढ़ाना चाहते हैं और कुछ आर्थिक दबाव जारी रखने के पक्ष में हैं.
ईरानी अख़बारों ने व्हाइट हाउस की चीफ़ ऑफ़ स्टाफ सूसी विल्स के पद छोड़ने और उनकी जगह हार्डलाइनर स्टीफन मिलर को ज़िम्मेदारी सौंपे जाने की ख़बरों को भी प्रमुखता से प्रकाशित किया.
अख़बारों ने सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) के कमांडर एडमिरल ब्रैड कूपर और जॉइंट चीफ़्स ऑफ़ स्टाफ के चेयरमैन जनरल डैन केन की भूमिका पर उठे सवालों का भी ज़िक्र किया. वहीं, उप राष्ट्रपति जेडी वेंस के उस बयान को भी प्रमुखता से प्रकाशित किया गया, जिसमें उन्होंने रिपब्लिकन पार्टी की हार के लिए ईरान युद्ध को ज़िम्मेदार ठहराया था.
‘व्हाइट हाउस में वॉर शुरू हो गया है’
इमेज स्रोत, Andrew Harnik/Getty Images
कंजरवेटिव अख़बार ‘केहान’ ने लिखा कि “व्हाइट हाउस में वॉर शुरू हो गया है” और “एक के बाद एक अमेरिकी अधिकारी इस्तीफ़ा दे रहे” हैं.
अख़बार ने व्हाइट हाउस के वेस्ट विंग में चल रहे माहौल को “बेहद तनावपूर्ण और ग़ुस्से से भरा” बताया. उसने इसे ट्रंप और रिपब्लिकन पार्टी को ईरान की ओर से लगाए गए “ऐतिहासिक तमाचे” का असर बताया. यह इस बात को दिखाता है कि हार्डलाइनर गुट मानते हैं कि ईरान युद्ध की वजह से ही रिपब्लिकन पार्टी मिडटर्म इलेक्शन हारी.
‘ट्रंप ने अमेरिका में सत्ता परिवर्तन की राह पकड़ी’
इमेज स्रोत, MANDEL NGAN / AFP via Getty Images
सरकारी प्रसारक से जुड़े अख़बार ‘जाम-ए-जम’ ने अपनी ख़बर का टाइटल दिया, “मतभेदों की अफ़रा-तफ़री में व्हाइट हाउस”.
वहीं, हार्डलाइन अख़बार ‘जवान’ ने लिखा, “ट्रंप ने अमेरिका में सत्ता परिवर्तन की राह पकड़ी!”
ईरानी अख़बार ने अमेरिका की ओर से ‘ईरान में सत्ता परिवर्तन’ को लेकर दिए गए पुराने बयानों को उसी पर पलटवार के तौर पर इस्तेमाल किया.
‘जवान’ ने ट्रंप के उस बयान का भी ज़िक्र किया, जिसमें उन्होंने माना था कि चुनाव में हार के बाद उनकी टीम में बदलाव हो सकते हैं.
हार्डलाइन अख़बार ‘वतन-ए-इमरोज़’ ने वाशिंगटन में चल रही उस खींचतान का विश्लेषण किया, जिसमें युद्ध विरोधी रिपब्लिकन और युद्ध के समर्थक, दोनों ही ट्रंप की रणनीति को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं. अख़बार ने कहा कि होर्मुज़ स्ट्रेट को फिर से खोलना प्रशासन की सबसे बड़ी प्रायरिटी बन गया है. इसका मक़सद ईंधन की क़ीमतें कम करना और लोगों का समर्थन वापस पाना है.
‘ट्रंप के खेमे में फूट पड़ी’
कंजरवेटिव अख़बार ‘आगाह’ ने अपनी ख़बर का टाइटल दिया, “अपराधी के खाली हाथ”. अख़बार ने कहा कि युद्ध और चुनाव में हार, दोनों के नतीजे अब साफ़ दिखाई देने लगे हैं.
रिफ़ॉर्मिस्ट अख़बार ‘अरमान-ए-मिल्ली’ ने व्हाइट हाउस में “दरार” की बात कही. अख़बार के मुताबिक़, ईरान के साथ टकराव की क़ीमत चुकाने के कारण “ट्रंप के खेमे में फूट पड़ गई है”.
अख़बार ने प्रशासन के भीतर तीन अलग-अलग गुटों की पहचान की. पहले गुट का मानना है कि बातचीत के ज़रिए होर्मुज़ स्ट्रेट को फिर से खोला जाना चाहिए. दूसरा गुट नए सिरे से सैन्य कार्रवाई चाहता है, जबकि तीसरा गुट ईरान पर आर्थिक दबाव बनाए रखने के पक्ष में है.
‘ट्रंप ने कुछ भी नहीं सीखा’
इमेज स्रोत, Kent NISHIMURA / AFP via Getty Images
रिफ़ॉर्मिस्ट अख़बार ‘साजांदेगी’ ने सवाल उठाया, “किसकी छुट्टी होगी?” अख़बार ने ईरान युद्ध को अमेरिका के अंदर एक राजनीतिक संकट के रूप में दिखाया. उसके मुताबिक़, इस संकट से हेगसेथ, वेंस और 2028 के राष्ट्रपति चुनाव के संभावित उम्मीदवारों का राजनीतिक भविष्य ख़तरे में पड़ सकता है.
रिफ़ॉर्म्स का समर्थन करने वाले अख़बार ‘शर्क’ ने लिखा कि ईरान को लेकर नीतियों पर मतभेद के बीच मिलर को नई ज़िम्मेदारी दिए जाने से यह सवाल उठने लगे हैं कि क्या प्रशासन के अंदर वेंस का प्रभाव कम किया जा सकता है.
अंग्रेज़ी भाषा के अख़बार ‘तेहरान टाइम्स’ ने कहा कि मिडटर्म इलेक्शन में हार के बाद ट्रंप ने अपने ऐसे एजेंडे के ‘हार्डलाइन’ आर्किटेक्ट को बड़ी ज़िम्मेदारी दी है, जिसे मतदाताओं ने नकार दिया था. यह अख़बार सरकारी संस्था इस्लामिक प्रोपेगेशन ऑर्गनाइज़ेशन से जुड़ा है.
अख़बार ने मिलर को हार्डलाइनर बताया, जिनकी नीतियों की वजह से मतदाता उनसे दूर हो गए थे. ‘तेहरान टाइम्स’ ने कहा कि मिलर को बड़ी ज़िम्मेदारी देकर ट्रंप ने दिखा दिया है कि उन्होंने “कुछ भी नहीं सीखा”.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
