• Fri. Apr 17th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

ट्रंप ने कहा, ‘ईरान युद्ध बहुत जल्द ख़त्म होना चाहिए’

Byadmin

Apr 17, 2026


ट्रंप

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, ट्रंप ने संघर्षविराम के दौरान हिज़्बुल्लाह से ”अच्छे बर्ताव” की उम्मीद की है

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दक्षिणी लेबनान में ईरान समर्थित हथियारबंद समूह हिज़्बुल्लाह से अपील की है कि वो इसराइल के साथ लागू हुए संघर्षविराम का पालन करे.

राष्ट्रपति ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा, “मुझे उम्मीद है कि इस महत्वपूर्ण समय के दौरान हिज़्बुल्लाह अच्छा और उचित बर्ताव करेगा.”

ट्रंप ने आगे लिखा, “अगर वे ऐसा करते हैं, तो यह उनके लिए एक ‘महान’ समय होगा अब और कोई हत्या नहीं होगी. आखिरकार शांति होनी ही चाहिए.”

इससे पहले ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट के ज़रिए घोषणा की थी कि लेबनान और इसराइल 10 दिन के युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं.

यह युद्धविराम भारतीय समय के मुताबिक शुक्रवार सुबह 2:30 बजे शुरू हो गया.

युद्धविराम की घोषणा वाले अपने पोस्ट में डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्होंने लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन और इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू से बात की.

तकनीकी तौर पर यह संघर्षविराम इसराइल और लेबनान के बीच है, जो हिज़्बुल्लाह का ठिकाना है.

एक इसराइली अधिकारी ने बीबीसी के अमेरिकी पार्टनर सीबीएस न्यूज़ को बताया कि संघर्षविराम के दौरान इसराइल केवल “हिज़्बुल्लाह की तरफ़ से किए हमलों” का ही सैन्य जवाब देगा.

इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने गुरुवार को कहा कि एक अधिक स्थायी शांति समझौते के लिए यह ज़रूरी होगा कि ईरान समर्थित इस समूह के हथियार ख़त्म किए जाएं.

By admin