इमेज स्रोत, Artur Widak/NurPhoto via Getty Images
अमेरिकी समाचार वेबसाइट एक्सियोस ने दावा किया है कि सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने बीते हफ़्ते अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से दो बार फोन पर बातचीत की.
रिपोर्ट के अनुसार, क्राउन प्रिंस ने यमन में हूती विद्रोहियों के ख़िलाफ़ सैन्य कार्रवाई करने का अनुरोध किया था, लेकिन ट्रंप ने इस मांग को ठुकरा दिया.
यह रिपोर्ट ऐसे समय सामने आई है, जब यमन में संघर्ष एक बार फिर तेज़ हो गया है. शनिवार को सऊदी अरब समर्थित यमन के सरकारी बलों ने दावा किया कि उन्होंने लाल सागर के तटीय शहर मोखा के आसपास हूती ठिकानों को निशाना बनाया.
पिछले कुछ दिनों में हूती विद्रोहियों ने यमन के लाल सागर तट के कई हिस्सों पर कब्ज़ा कर लिया है. उन्होंने बाब अल-मंदेब स्ट्रेट पर भी अपनी पकड़ मज़बूत करने का दावा किया है.
साथ ही हूतियों ने यह भी एलान किया है कि उन्होंने लाल सागर में सऊदी अरब के बंदरगाहों की नौसैनिक नाकेबंदी कर दी है.
वहीं, शनिवार रात सऊदी अधिकारियों ने बताया कि हूतियों की ओर से दागा गया एक प्रोजेक्टाइल सीमा के पास के इलाके में गिरा. इस घटना में दो लोग घायल हुए हैं.
अधिकारियों के मुताबिक़, हमले में एक मस्जिद, कई इमारतों और वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है.