डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ब्रिक्स समिट में शामिल होने वाले नेताओं, अन्य भागीदार देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के लिए आयोजित गाला डिनर में शामिल नहीं हुए। इस बात की जानकारी न्यूज एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से दी है।
पीटीआई के मुताबिक, अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद भी इस डिनर में मौजूद नहीं थे। वे दिन में समिट में शामिल होने के बाद अपने देश लौट गए थे।
क्या थी वजह?
शी के मौजूद न होने की वजह तुरंत पता नहीं चल पाई, हालांकि एक सूत्र ने बताया कि वह आराम करने के लिए अपने होटल लौट गए थे। वह शनिवार दोपहर दिल्ली पहुंचे थे, उन्होंने ब्रिक्स समिट में हिस्सा लिया और पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की। वह सात साल बाद भारत आए हैं।
किन नेताओं ने लिया डिनर में हिस्सा?
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ब्रिक्स के अन्य नेताओं ने डिनर में हिस्सा लिया। केंद्रीय मंत्री अमित शाह, निर्मला सीतारमण, पीयूष गोयल, अश्विनी वैष्णव और शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद थे। इस कार्यक्रम में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, पश्चिम बंगाल के नेता सुवेंदु अधिकारी और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा जैसे नेता भी मौजूद थे।
केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री संसद भवन से भारत मंडपम में डिनर की जगह तक दो बसों में गए। मेनू में खांडवी मिल-फ्यूई, खुम्ब गलोटी, पनीर लबाबदार, गुच्छी मार्मिक, गाजर-बीन पोरियल और मिलेट पुलाव शामिल थे। डेजर्ट में जलेबी के साथ पुरानी दिल्ली की फ्रूट क्रीम और शहतूत की फिरनी शामिल थी।