इमेज स्रोत, X/@INCIndia
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 7 मिनट
इंडिया ब्लॉक के नेताओं ने शनिवार को सरकार की ओर से बुलाए गए संसद के विशेष सत्र से पहले बैठक की.
इस बैठक में उपस्थित दलों ने संसद में परिसीमन बिल के ख़िलाफ़ मिलकर विरोध करने का फ़ैसला किया है.
विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) इस क़दम के ज़रिए हमेशा सत्ता में बने रहना चाहते हैं और देश में लोकतंत्र ख़त्म करना चाहती है.
इंडिया ब्लॉक के नेताओं का कहना है कि वे महिला आरक्षण के विरोध में नहीं हैं और इसे मौजूदा लोकसभा की सीटों के आधार पर तत्काल लागू किया जा सकता है. उनकी आपत्ति परिसीमन की प्रक्रिया और लोकसभा की सीटों में प्रस्तावित बढ़ोतरी को लेकर है.
विपक्षी दलों के नेताओं की क़रीब दो घंटे तक चली बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मीडिया से बातचीत में कहा कि परिसीमन विधेयक अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के हितों के ख़िलाफ़ है. वहीं, कांग्रेस ने इंडिया ब्लॉक की ओर से तीन मांगें सामने रखी हैं.
इंडिया ब्लॉक की बैठक में शामिल हुए ये दल
इमेज स्रोत, X/@INCIndia
केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से बुलाया है. लोकसभा की कार्यवाही 30 नवंबर से शुरू होगी, जबकि राज्यसभा की 2 दिसंबर से शुरू होगी.
इससे पहले विपक्षी दलों के नेताओं की शनिवार को राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नई दिल्ली स्थित आवास पर बैठक हुई.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के अभिषेक बनर्जी, निर्दलीय राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल, राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के अभय कुमार सिंह और मनोज झा, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ़ इंडिया (सीपीआई) के पी. संतोष कुमार, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के ईटी मोहम्मद बशीर, रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) के एनके प्रेमचंद्रन समेत कई नेता शामिल हुए.
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश, प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल भी बैठक में मौजूद रहे.
वहीं, डीएमके, आम आदमी पार्टी (आप) और बीजू जनता दल (बीजेडी) को भी बैठक में बुलाया गया था, लेकिन इन दलों ने इसमें हिस्सा नहीं लिया.
हालांकि, आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शुक्रवार को ही कह दिया था कि उनकी पार्टी इस बिल का दोनों सदनों में मुखर होकर विरोध करेगी.
उन्होंने इसे ‘बीजेपी जिताओ बिल’ क़रार दिया था.
समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी शुक्रवार को परिसीमन बिल का विरोध करने की बात कही थी, इसे उन्होंने ‘बीजेपी की सबसे बड़ी भूल’ बताया था.
दूसरी ओर, डीएमके ने शनिवार को को चेन्नई में हुई सांसदों की बैठक के बाद केंद्र के संशोधित परिसीमन विधेयक को औपचारिक रूप से समर्थन देने की घोषणा कर दी है.
इंडिया ब्लॉक के दलों की तीन मांगें
परिसीमन की प्रस्तावित प्रक्रिया को लेकर इंडिया ब्लॉक ने केंद्र सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं.
विपक्षी दलों ने लोकसभा की मौजूदा सदस्य संख्या बरकरार रखने, वर्तमान सीटों के आधार पर ही महिलाओं को आरक्षण देने और अगले 25 वर्षों तक राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा आवंटन बनाए रखने की मांग की है.
बैठक के बाद कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा कर विपक्ष की तीनों मांगों को स्पष्ट किया.
कांग्रेस ने पोस्ट में कहा कि परिसीमन विधेयक पर बैठक में विस्तार से चर्चा हुई और विपक्ष की इन मांगों पर सहमति बनी है.
इमेज स्रोत, X/@INCIndia
दरअसल, केंद्र सरकार संसद के आगामी विशेष सत्र में परिसीमन से जुड़े नए संविधान संशोधन विधेयक को पेश करने की तैयारी कर रही है.
इस प्रस्ताव को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच मतभेद हैं.
सरकार परिसीमन के ज़रिए लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ाने की तैयारी में है, वहीं विपक्ष मौजूदा सीटों के आधार पर महिला आरक्षण लागू करने की मांग कर रहा है.
विपक्षी नेताओं का कहना है कि वे महिला आरक्षण के विरोध में नहीं हैं और इसे मौजूदा लोकसभा की सीटों के आधार पर तत्काल लागू किया जा सकता है.
उनकी आपत्ति परिसीमन की प्रक्रिया और लोकसभा की सीटों में प्रस्तावित बढ़ोतरी को लेकर है.
खड़गे बोले- इनका इरादा ‘800 पार’ का आंकड़ा हासिल करना
इमेज स्रोत, ANI Photo/Amit
उन्होंने कहा कि इन वर्गों की आबादी बढ़ने के बावजूद उन्हें उसी हिसाब से ज़्यादा सीटें नहीं मिलेंगी.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान ‘400 पार’ का नारा दिया था, लेकिन इस विधेयक को पास कराकर उनका इरादा ‘800 पार’ का आंकड़ा हासिल करना है, ताकि वे हमेशा सत्ता में बने रहें और संविधान को बदल सकें.
खड़गे ने कहा, “एक बार सत्ता उनके हाथ में चली गई तो वे हमेशा सत्ता में बने रहने के लिए इस विधेयक को हथियार की तरह इस्तेमाल करने के लिए कुछ भी करेंगे. हम इस विधेयक का विरोध करेंगे.”
कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि भारत भी चीन जैसा बन जाएगा, जहां बहुमत हासिल करने के लिए हज़ारों लोग हाथ उठाते हैं.
उन्होंने दावा किया, “वे लोकतंत्र ख़त्म करना चाहते हैं और हमेशा के लिए सत्ता बीजेपी-आरएसएस के हाथों में देना चाहते हैं. मनुस्मृति लागू की जाएगी, यह तय है.”
खड़गे ने यह भी कहा कि बीजेपी ने पहले भी इस विधेयक को पास कराने की योजना बनाई थी, लेकिन विपक्ष की एकजुट कोशिशों के कारण वह सफल नहीं हो पाई.
कपिल सिब्बल महिला आरक्षण को लेकर क्या बोले
इमेज स्रोत, ANI Photo
बैठक से पहले राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने कहा कि यदि विधेयक पारित होता है तो लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़कर क़रीब 850 हो सकती है.
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इतनी बड़ी संख्या वाले सदन का सुचारू रूप से संचालन संभव होगा.
कपिल सिब्बल ने कहा, “देखिए, हमें इस बात को समझना होगा कि देश के स्तर पर क्या होने वाला है और आगे क्या हो सकता है. अगर यह विधेयक पास हो जाता है, तो लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़कर क़रीब 850 हो सकती है. पहला सवाल यह है कि क्या 850 सदस्यों वाली लोकसभा ठीक से काम कर पाएगी?”
उन्होंने कहा, “लेकिन सबसे गंभीर बात यह है कि उनका मक़सद सिर्फ़ महिलाओं को आरक्षण देना नहीं है. हम महिला आरक्षण के लिए तैयार हैं. वे मौजूदा 543 सीटों के भीतर ही इसे तुरंत लागू कर सकते हैं. इसलिए उनका असली मक़सद यह नहीं है. उनका असली मक़सद अगले 30-40 साल तक सत्ता में बने रहना है. और इसके लिए उनके लिए सबसे ज़रूरी परिसीमन विधेयक है.”
उन्होंने परिसीमन आयोग की नियुक्ति और उसकी कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए.
सिब्बल ने आशंका जताई कि आयोग के ज़रिए उत्तर प्रदेश, हरियाणा और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं सरकार की पसंद के मुताबिक़ तय की जा सकती हैं.
इमेज स्रोत, @AmitShah X/ ANI Photo
अमित शाह ने सभी दलों से की ये अपील
वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 132वें संविधान संशोधन विधेयक को केंद्रीय कैबिनेट की मंज़ूरी मिलने पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लिया गया यह फ़ैसला देश के सभी राज्यों में जनप्रतिनिधित्व बढ़ाने और शासन को जनता के और क़रीब लाने की दिशा में अहम क़दम है.
अमित शाह ने लिखा, “विधेयक में संविधान के अनुच्छेद 170(1) में संशोधन कर राज्य विधानसभाओं की सीटों की अधिकतम सीमा 500 से बढ़ाकर लगभग 650 करने का प्रस्ताव भी है. इस प्रावधान से उत्तर प्रदेश अविभाजित रहते हुए विधानसभा में अपना प्रतिनिधित्व बढ़ा सकेगा. साथ ही, महिलाओं को मिलने वाले एक-तिहाई आरक्षण से प्रदेश की महिलाओं को अब तक का सबसे बड़ा प्रतिनिधित्व मिलेगा.”
शाह के मुताबिक़, इससे स्थानीय ज़रूरतों के अनुरूप योजनाएं तैयार करने और विकास कार्यों को गति देने में मदद मिलेगी. उन्होंने कहा कि यह फ़ैसला उत्तर प्रदेश में सुशासन और जनभागीदारी को और मज़बूत करेगा.
केंद्रीय गृह मंत्री ने उत्तर प्रदेश के सभी राजनीतिक दलों से इस विधेयक का स्वागत करने और इसका समर्थन करने की अपील भी की.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.