इमेज स्रोत, ANI
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 3 मिनट
डीएमके नेता और तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन को मंगलवार को चेन्नई स्थित उनके आवास से पुलिस ले गई.
सोमवार को उदयनिधि ने अपनी रैली के दौरान तमिल अभिनेत्री तृषा कृष्णन के ख़िलाफ़ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी.
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ़ विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) ने इस मामले में पुलिस और राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) में शिकायत दर्ज कराई थी.
चेन्नई (साउथ) के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त नरेंद्रन नायर ने पुष्टि की है कि उदयनिधि स्टालिन के ख़िलाफ़ प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज की गई है.
इससे पहले सुबह उदयनिधि स्टालिन के घर पर पुलिस बल की भारी तैनाती देखी गई थी.
इसके बाद एम सुब्रमण्यम, ईवी वेलु, एनआर एलंगो और परंथमन समेत डीएमके के कई पदाधिकारी और समर्थक उदयनिथि के घर पहुंच गए.
उदयनिधि के घर के आसपास भारी संख्या में डीएमके कार्यकर्ताओं के जुटने से माहौल तनावपूर्ण बन गया था.
क्या है पूरा मामला
इमेज स्रोत, ANI/Udhayanidhi Stalin
बीबीसी तमिल के अनुसार, कावेरी मुद्दे को लेकर सोमवार को तंजावुर में डीएमके ने टीवीके सरकार के ख़िलाफ़ प्रदर्शन किया था.
प्रदर्शन के दौरान उदयनिधि स्टालिन ने मुख्यमंत्री विजय पर कावेरी मुद्दे की चिंता न करने का आरोप लगाया.
उन्होंने कहा, “उनकी एकमात्र चिंता डीएमके के ख़िलाफ़ मामला दर्ज कराना है.”
भाषण के दौरान भीड़ की ओर से लगाए गए नारों के बाद उदयनिधि की कुछ टिप्पणियों ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया.
केवल टीवीके ही नहीं, बल्कि अन्य राजनीतिक दल भी इसे मुख्यमंत्री जोसेफ़ विजय का अपमान बता रहे हैं.
टीवीके सरकार में मंत्री एन आनंद ने सवाल उठाया कि क्या विनम्रता और आत्मसंयम से रहित व्यक्ति कैसे हमारे तमिलनाडु का उप मुख्यमंत्री बना था. उदयनिधि पूर्ववर्ती डीएमके सरकार में उप मुख्यमंत्री थे.
एन आनंद ने कहा कि जनता सब कुछ देख रही है. इसी तरह अधव अर्जुना और राजमोहन समेत कई मंत्रियों ने भी उदयनिधि स्टालिन के भाषण की निंदा की है.
बीजेपी की वरिष्ठ नेता तमिलिसाई सौंदरराजन और तमिलनाडु कांग्रेस नेता मणिकम ठाकुर समेत कई नेताओं ने उदयनिधि की ‘टिप्पणी’ की आलोचना की है.
उदयनिधि ने क्या कहा
इमेज स्रोत, ANI
पुलिस वाहन में ले जाए जाते समय उदयनिधि स्टालिन ने मीडिया से कहा, “मैंने जो नहीं कहा, उसे काट-छांट कर और जोड़कर मेरे नाम से फर्जी खबरें फैलाई जा रही हैं. आज मेरे ख़िलाफ़ झूठा मामला दर्ज कर मुझे गिरफ़्तार किया गया है.”
“मैं इससे डरने वाला नहीं हूं. मैं कलैग्नर (करुणानिधि) का वंशज हूं, डीएमके परिवार का सदस्य हूं और नेता स्टालिन का बेटा हूं. मैंने उस प्रदर्शन में करीब 22 मिनट तक भाषण दिया था.”
उदयनिधि ने कहा, “सरकार ने किसानों को धोखा दिया है, अपने वादे पूरे नहीं किए हैं और मेकेदातु बांध के निर्माण के ख़िलाफ़ आवाज नहीं उठाई है. मैंने कहा था कि मुख्यमंत्री को इस बारे में बोलना चाहिए.”
“मैंने यह भी कहा था कि एमके स्टालिन किसानों का समर्थन करेंगे. इस समय टीवीके ध्यान भटकाने वाली गतिविधियों में लगी हुई है. मुख्यमंत्री और सभी मंत्री सिर्फ़ रीलों में जी रहे हैं.”
तंजावुर (पूर्व) पुलिस थाने में शिकायत
टीवीके की ओर से उदयनिधि के ख़िलाफ़ कार्रवाई की मांग करते हुए तंजावुर (पूर्व) पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है.
टीवीके की तंजावुर ज़िला महिला इकाई की संयोजक भैरवी की ओर से दी गई शिकायत में कहा गया है कि प्रदर्शन के दौरान मौजूद लोगों के नारों का जवाब देने का दावा करते हुए उदयनिधि ने ‘द्विअर्थी संकेत’ वाले और ‘अपमानजनक’ बयान दिए.
शिकायत में यह भी कहा गया है कि डीएमके आईटी विंग ने उदयनिधि के भाषण का 2 मिनट 39 सेकंड का वीडियो अपने एक्स सोशल मीडिया पेज पर पोस्ट और प्रसारित किया.
शिकायत में मांग की गई है कि सार्वजनिक शांति भंग करने के लिए उदयनिधि स्टालिन और वीडियो प्रसारित करने वाले डीएमके आईटी विंग के पदाधिकारियों के ख़िलाफ़ सख़्त क़ानूनी कार्रवाई की जाए.
डीएमके के ट्रेजरार डीआर बालू ने उदयनिधि पर लगे आरोपों को ख़ारिज करते हुए कहा, “उदयनिधि ने किसी विशेष महिला के बारे में कुछ नहीं कहा है और मीडिया में पूरी बात को ग़लत तरीके से पेश किया जा रहा है.”
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.