• Wed. May 6th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

दाऊद का गुर्गा सलीम डोला उगलेगा राज, ड्रग्स सिंडिकेट का होगा पर्दाफाश; मुंबई क्राइम ब्रांच का क्या है प्लान?

Byadmin

May 6, 2026


डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दाऊद इब्राहिम के सहयोगी सलीम डोला से पूछताछ कर मुंबई क्राइम ब्रांच बड़े ड्रग्स सिंडिकेट का पर्दाफाश करना चाहती है। डोला की हिरासत के लिए उसने एक विशेष एनडीपीएस अदालत में आवेदन किया है। डोला फिलहाल आठ मई तक नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की हिरासत में है, जहां उससे ड्रग्स से जुड़े मामलों में पूछताछ की जा रही है।

मुंबई क्राइम ब्रांच उसे तभी हिरासत में ले पाएगी, जब अदालत मंजूरी देगी। इस आवेदन के जरिये क्राइम ब्रांच ने अदालत से प्रोडक्शन वारंट जारी करने का अनुरोध किया है, जिससे एनसीबी की रिमांड समाप्त होने के बाद डोला को हिरासत में लिया जा सके।

क्या कहता है प्रोटोकॉल?

कानूनी प्रोटोकाल के अनुसार, क्राइम ब्रांच को पहले अदालत को यह बताना होता है कि आरोपित की हिरासत क्यों आवश्यक है। यदि अदालत यह मानती है कि अन्य मामलों के संबंध में पूछताछ आवश्यक है तो वह प्रोडक्शन वारंट जारी करती है। इसके बाद संबंधित एजेंसी आरोपित को अपनी हिरासत में ले सकती है।

डोला को हिरासत में लेने की कोशिश करेगी क्राइम ब्रांच

क्राइम ब्रांच डोला को कई मामलों में लगातार हिरासत में लेने की कोशिश करेगी, जिनमें सांगली ड्रग्स मामला, मैसूरु ड्रग्स मामला और तेलंगाना ड्रग्स मामला शामिल है। मुंबई क्राइम ब्रांच के अनुसार, सलीम डोला कई बड़े ड्रग्स तस्करी नेटवर्क में एक अहम व्यक्ति रहा है।

जांच में सांगली, मैसूरु और तेलंगाना में सामने आए ड्रग्स निर्माण मामलों में उसकी संलिप्तता का पता चला है। इसके अलावा 2024 में चार किलोग्राम एमडी ड्रग्स की जब्ती के संबंध में भी उसका नाम सामने आया था। क्राइम ब्रांच का मानना है कि डोला से पूछताछ से एक बड़े ड्रग्स सिंडिकेट का पर्दाफाश हो सकता है।

By admin