• Mon. Oct 26th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

दीवाली से पहले मुंबई-बेंगलुरु और दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की शुरुआत: जानिए रूट, समय और किराया

Byadmin

Oct 26, 2026


डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय रेलवे अपनी प्रीमियम ओवरनाइट ट्रेन (रात में चलने वाली ट्रेन) नेटवर्क का विस्तार करने जा रहा है। इसके तहत दो नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें शुरू की जाएंगी, जो मुंबई-बेंगलुरु और वाराणसी-नई दिल्ली को अपसा में जोड़ेंगी।

वाराणसी-नई दिल्ली ट्रेन का उद्घाटन 31 अक्टूबर को जबकि, बेंगलुरु-मुंबई ट्रेन सेवा का उद्घाटन 1 नवंबर से शुरू होगी। इन दोनों सेवाओं से बिजनेस यात्रियों, कामकाजी पेशेवरों, छात्रों, तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को रात भर की तेज यात्रा सुविधा मिलने की उम्मीद है।

मुंबई-बेंगलुरु ट्रेन लगभग 1000 किमी की दूरी 15 घंटे 45 मिनट में तय करेगी, वहीं वाराणसी-नई दिल्ली सेवा प्रयागराज और कानपुर होते हुए रात भर चलेगी। ये नए रूट मौजूदा ‘वंदे भारत स्लीपर’ नेटवर्क का हिस्सा बनेंगे जो अभी हावड़ा और कामाख्या के बीच चल रहा है।

मुंबई-बेंगलुरु वंदे भारत स्लीपर का रूट और स्टॉप

यह ट्रेन मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) को बेंगलुरु के सर एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनल (SMVT) से जोड़ेगी। यह ट्रेन कल्याण, पुणे, सोलापुर, कलबुर्गी, रायचूर, गुंतकल और अनंतपुर से होकर गुजरेगी।

यह ट्रेन महाराष्ट्र और कर्नाटक के दो प्रमुख आर्थिक केंद्रों को जोड़ेगी, जिससे काम, व्यापार और पर्यटन के सिलसिले में इन शहरों के बीच आने-जाने वाले लोगों को यात्रा का एक और विकल्प मिलेगा।

ट्रेन ने 160 किमी प्रति घंटे तक की गति से अपना ट्रायल रन पूरा कर लिया है। इस रूट के लिए दो ‘वंदे भारत स्लीपर’ ट्रेनें प्रस्तावित की गई हैं।

उम्मीद है कि यह सेवा सप्ताह में छह दिन चलेगी, हालांकि इसका शेड्यूल और अन्य परिचालन संबंधी विवरण अभी अस्थायी हैं और इनकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

मुंबई-बेंगलुर वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की टाइमिंग

मुंबई-बेंगलुरु वंदे भारत स्लीपर ट्रेन CSMT से रात 8:10 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 11:55 बजे SMVT बेंगलुरु पहुंचेगी। वापसी की दिशा में यह ट्रेन बेंगलुरु से शाम 7:50 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 11:55 बजे CSMT पहुंचेगी।

प्रस्तावित सेवा 15 घंटे 45 मिनट में अपना सफर पूरा करेगी, जिससे मौजूदा उद्यान एक्सप्रेस की तुलना में यात्रा के समय में लगभग 6 घंटे 20 मिनट की कमी आएगी।

दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत स्लीपर रूट और स्टॉप

दूसरी प्रस्तावित ट्रेन वाराणसी को नई दिल्ली से जोड़ेगी जो प्रयागराज और कानपुर से होकर गुजरेगी। उम्मीद है कि यह ट्रेन पूर्वी उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी के बीच रात भर की यात्रा के लिए एक और प्रीमियम विकल्प देगी। इस सेवा से प्रयागराज, दिल्ली और इस रूट पर पड़ने वाले अन्य प्रमुख शहरों के बीच कनेक्टिविटी भी मजबूत होने की उम्मीद है।

प्रयागराज से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए यह हमसफर एक्सप्रेस, शिव गंगा एक्सप्रेस और प्रयागराज एक्सप्रेस के अलावा एक और विकल्प होगा। इस नई सेवा से वाराणसी जाने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के साथ-साथ प्रयागराज के उन व्यापारियों, कामकाजी पेशेवरों और छात्रों को भी फायदा होगा, जिन्हें सुबह-सुबह राष्ट्रीय राजधानी पहुंचना होता है।

दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत स्लीपर की टाइमिंग

प्रस्तावित टाइम टेबल के अनुसार ट्रेन नंबर 27421 वाराणसी से रात 8:50 बजे रवाना होगी और रात 10:35 बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंचेगी। पांच मिनट के ठहराव के बाद यह रात 10:40 बजे प्रयागराज से चलेगी और रात 12:40 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी जिसके बाद अगले दिन सुबह 5:55 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।

वापसी की यात्रा में ट्रेन नंबर 27422 नई दिल्ली से रात 9:40 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 4:45 बजे प्रयागराज पहुंचेगी। पांच मिनट के ठहराव के बाद यह वाराणसी की ओर आगे बढ़ेगी और सुबह 6:45 बजे वहां पहुंचेगी।

उद्घाटन के दिन एक स्पेशल रेक (ट्रेन) वाराणसी से सुबह 11 बजे रवाना होगी। उम्मीद है कि रेलवे प्रशासन जल्द ही नियमित संचालन के लिए अंतिम टाइम टेबल का एलान करेगा। एक बार नियमित सेवाएं शुरू हो जाने पर वंदे भारत स्लीपर के हफ्ते में छह दिन चलने की उम्मीद है (शनिवार को छोड़कर)।

वंदे भारत स्लीपर का किराया कितना होगा?

वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों का किराया प्रति यात्री, प्रति किलोमीटर की दर पर आधारित है। थर्ड एसी (3AC) श्रेणी के लिए, किराया 2.40 रुपये प्रति यात्री प्रति किलोमीटर है (इसमें GST शामिल नहीं है)। 3AC में 1000 किमी की यात्रा के लिए अनुमानित किराया 2400 रुपये है (GST को छोड़कर) होगा।

वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों का किराया 2.40 रुपये से लेकर 3.80 रुपये प्रति यात्री प्रति किलोमीटर (PKM) के बीच है। रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह चीन, जापान और फ्रांस जैसे देशों की समान सेवाओं के किराए से कम है, जहां दरें 7 रुपये से 20 रुपये प्रति PKM तक हैं।

रेलवे का कहना है कि वह समाज के विभिन्न वर्गों की यात्रा जरूरतों को पूरा करने के लिए अलग-अलग श्रेणियों की ट्रेन सेवाएं चलाता रहता है। इनमें वंचित वर्गों के लिए कम किराए वाली सेवाएं और बेहतर सुविधाओं वाली ट्रेनें दोनों शामिल हैं।
रेलवे ने यह भी बताया है कि अन्य देशों की तुलना में भारतीय रेलवे का किराया सबसे कम है।

टिकट बुकिंग कैसे करें?

वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में RAC (रिजर्वेशन अगेंस्ट कैंसिलेशन) की कोई सुविधा नहीं है। वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों को यात्री सेवा की एक अलग श्रेणी में रखा गया है, जिसमें सभी सुविधाओं को शामिल करते हुए एक निश्चित किराया तय किया गया है।

इन ट्रेनों में RAC टिकट का कोई प्रावधान नहीं है। वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों को कन्फर्म टिकट तब मिल सकता है, जब कन्फर्म रिजर्वेशन वाले यात्री अपना टिकट कैंसिल कर दें। रेलवे का कहना है कि इस व्यवस्था से यात्रियों के लिए सेवाएं सुलभ बनी रहती हैं।

यात्रियों के लिए सुविधाएं और रिजर्वेशन कोटा

रिजर्वेशन व्यवस्था के तहत वरिष्ठ नागरिकों, 45 वर्ष और उससे अधिक उम्र की महिला यात्रियों, गर्भवती महिलाओं के लिए निचली बर्थ (लोअर बर्थ) आरक्षित रखी गई हैं।

इस संयुक्त कोटे में स्लीपर क्लास में प्रति कोच 6 से 7 लोअर बर्थ, 3-टियर एयर-कंडीशंड (3AC) में प्रति कोच 4 से 5 लोअर बर्थ, और 2-टियर एयर-कंडीशंड (2AC) में प्रति कोच 3 से 4 लोअर बर्थ शामिल होंगी।

बर्थ की कुल संख्या ट्रेन में हर श्रेणी के कोचों की संख्या पर निर्भर करेगी। रेलवे ने राजधानी और शताब्दी जैसी सेवाओं सहित मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में दिव्यांग व्यक्तियों और उनके साथ यात्रा करने वालों के लिए भी रिजर्वेशन कोटा तय किया है।

यह भी पढ़ें- नई दिल्ली-वाराणसी के बीच चलने वाली देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत की नई रैक काशी पहुंची, 31 अक्टूबर को होगा उद्घाटन

यह भी पढ़ें- वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का किराया प्रयागराज एक्सप्रेस के मुकाबले दोगुना होगा, टिकट बुकिंग की यात्रियों को प्रतीक्षा 

By admin