डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं गुजरात भाजपा के प्रभारी तरुण चुग ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा है कि वह पाकिस्तान की सेना की जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) की भूमिका निभा रही है। कांग्रेस के पाप की सजा वोट के चोट से मिलने वाली है।
गुजरात यात्रा पर आए भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं गुजरात भाजपा के प्रभारी तरुण चुग ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर दिए गए बयान पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देश की जनता कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगी। कांग्रेस को ऐसी भाषा शोभा नहीं देती है, कांग्रेस की बयान बाजी गरिमा पूर्ण नहीं है।
भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस को उसके पाप की सजा वोट के चोट से मिलने वाली है। कांग्रेस देश में इस तरह से कम कर रही है जैसे वह पाकिस्तान की सेना की जनसंपर्क अधिकारी हो।
कांग्रेस के बयान और गतिविधियां देश की सेना, जांच एजेंसी, आदि संगठनों के विरोध में होते हैं। कांग्रेस की इसी मानसिकता के कारण वह लगातार चुनाव हार रही है और आगे भी जनता कांग्रेस को माफ नहीं करेगी।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का स्वभाव अराजकता पूर्ण हो गया है। उनकी भाषा और व्यवहार में गरिमा का अभाव है वह हमेशा देश के युवाओं को भड़काने के प्रयास में रहते हैं।
गुजरात कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री तुषार चौधरी ने गत दिनों एक बयान देकर सबको चौंका दिया था कि गुजरात में समय से पहले चुनाव होंगे। भाजपा के प्रभारी तरुण चुगने इस पर भी स्पष्ट किया कि राज्य में समय पर चुनाव होंगे तथा भारतीय जनता पार्टी 2027 के चुनाव में 2022 से भी अधिक सीटें जीतकर फिर से सरकार बनाएगी।