इमेज स्रोत, Zakir Hossain/NurPhoto via Getty Images
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 6 मिनट
बांग्लादेश में नेशनल सिटिज़न्स पार्टी (एनसीपी) के संयोजक नाहिद इस्लाम ने भारत पर बांग्लादेश को अस्थिर करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है.
बीबीसी बांग्ला के मुताबिक उन्होंने कहा कि बांग्लादेश की मौजूदा लड़ाई भारतीय वर्चस्व के ख़िलाफ़ है और इसके लिए देश के लोगों और राजनीतिक दलों को एकजुट होना चाहिए.
देश में मौजूदा राजनीतिक हालात पर चर्चा के लिए प्रधानमंत्री तारिक़ रहमान के न्योते पर एनसीपी के चार नेताओं- नाहिद इस्लाम, वरिष्ठ संयुक्त संयोजक हसनात अब्दुल्लाह, सदस्य सचिव अख़्तर हुसैन और राजनीतिक परिषद के सदस्य अकरम हुसैन ने उनसे मुलाक़ात की.
बैठक के बाद प्रेस ब्रीफिंग में नाहिद इस्लाम ने सरकार से जनता और राजनीतिक ताक़तों को एकजुट करने की अपील की है. उन्होंने भारत पर शेख़ हसीना के प्रत्यर्पण में अड़ंगा डालने का आरोप भी लगाया. हालांकि भारत लगातार कहता रहा है कि यह क़ानूनी मामला है और इससे उसी के मुताबिक़ निपटा जाएगा.
भारत ने बांग्लादेश के साथ रचनात्मक और सकारात्मक रिश्ते बनाने पर ज़ोर दिया है.
नाहिद इस्लाम ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, Bangladesh PMO
नाहिद इस्लाम ने शेख़ हसीना का ज़िक्र करते हुए कहा, “भारत एक हत्यारे को पनाह दे रहा है और एक पार्टी को बांग्लादेश के ख़िलाफ़ इस्तेमाल करने के लिए अपनी ज़मीन का इस्तेमाल करने दे रहा है. हमारी मौजूदा लड़ाई अब अवामी लीग के साथ नहीं है. अब लड़ाई भारतीय वर्चस्ववाद के ख़िलाफ़ है. हमने अवामी लीग को पांच अगस्त को ही हरा दिया था. भारत बांग्लादेश को अस्थिर करने की कोशिश कर रहा है. इसलिए जनता और राजनीतिक ताक़तों को एकजुट करना होगा.”
नाहिद इस्लाम ने कहा, “जुलाई में हमने जो लड़ाई लड़ी थी, वह अब भी जारी है. अगर हम लोकतंत्र को संस्थागत रूप नहीं दे पाए, तो जनता का भरोसा नहीं जीत पाएंगे. इसके साथ ही, हमने कहा कि जुलाई के पीड़ितों को न्याय मिलना चाहिए और जुलाई योद्धाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए. सरकार ने एकता की बात कही है. हमने भी बांग्लादेश को आगे ले जाने के लिए एकता के संबंध में अपने सुझाव दिए हैं.”
बांग्लादेश में जुलाई 2024 में तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख़ हसीना के नेतृत्व वाली अवामी लीग सरकार के ख़िलाफ़ विद्रोह हो गया था. जिसके बाद 79 वर्षीय शेख़ हसीना 5 अगस्त, 2024 को बांग्लादेश छोड़ने को मजबूर हो गई थीं और उसके बाद से भारत में रह रही हैं.
जुलाई जनविद्रोह के दौरान सत्ता से बेदख़ल हुई अवामी लीग के हालिया विरोध प्रदर्शनों में हुई हिंसा के मद्देनज़र प्रधानमंत्री तारिक़ रहमान सक्रिय राजनीतिक दलों के साथ एकजुटता बनाने के एलान के तहत यह बातचीत कर रहे हैं.
इस बातचीत के पहले दिन सोमवार दोपहर प्रधानमंत्री ने एनसीपी के नेताओं से मुलाक़ात की.
‘हसीना को गिरफ़्तार किया जाएगा’
इमेज स्रोत, Salahuddin AHMED / AFP via Getty Images
रविवार को ही बांग्लादेश की विदेश मामलों की राज्य मंत्री शमा ओबैद इस्लाम ने रॉयटर्स से कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना अगर भारत से वापस लौटती हैं, तो उन्हें गिरफ़्तार कर जेल भेज दिया जाएगा. हसीना के दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की योजना से देश में राजनीतिक तनाव और सड़कों पर फिर से हिंसा बढ़ गई है.
शमा ओबैद इस्लाम ने कहा कि बांग्लादेश भारत से हसीना के प्रत्यर्पण की मांग कर रहा है. बांग्लादेश को उम्मीद है कि भारत मौजूदा प्रत्यर्पण संधि के तहत उसकी मांग मानेगा.
बांग्लादेश में हसीना को मौत की सज़ा सुनाई गई है. 2024 के जनविद्रोह के बाद उनकी पार्टी अवामी लीग पर प्रतिबंध लगा दिया गया था. इस जनविद्रोह के कारण उनका लंबे समय का शासन ख़त्म हो गया था. संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक़, उस दौरान हिंसा में 1,400 लोगों तक की मौत हुई थी.
अगस्त 2024 में इस्तीफ़े की मांग को लेकर पूरे देश में विरोध प्रदर्शन शुरू होने के बाद हसीना ढाका छोड़कर चली गई थीं. दिसंबर में प्रस्तावित वापसी से पहले उन्होंने नए पासपोर्ट और पहचान पत्र के लिए आवेदन किया है. हालांकि, बांग्लादेश सरकार ने उनके इन आवेदनों को ख़ारिज कर दिया है.
कब हुई थी हिंसा
इमेज स्रोत, AFP via Getty Images
पिछले सप्ताह हसीना की पार्टी अवामी लीग की ओर से देशभर में एक दिन के बंद के आह्वान के बाद कुछ इलाकों में हिंसा हुई.
बांग्लादेश के अख़बारों के मुताबिक़, गुरुवार 19 नवंबर को प्रतिबंधित अवामी लीग और उसके सहयोगी संगठनों के नेताओं और बीएनपी के कार्यकर्ताओं के बीच हुई हिंसा में कम से कम चार लोगों की मौत हुई है.
स्थानीय मीडिया में ख़बरें हैं कि बांग्लादेश के पूर्व मुख्य अंतरिम सलाहकार मोहम्मद यूनुस के पैतृक घर को आग लगा दी गई.
ये प्रदर्शन और हिंसा भारत से शेख़ हसीना की संभावित वापसी को लेकर बढ़ते तनाव के बीच हुए.
तोड़फोड़ और अशांति फ़ैलाने के आरोप में अवामी लीग के कई नेताओं को गिरफ़्तार किया गया है, जिनमें पूर्व शिक्षा मंत्री नूरुल इस्लाम नाहिद भी शामिल हैं.
बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक़ रहमान ने भी पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना की अवामी लीग पर बांग्लादेश को अस्थिर करने की साज़िश रचने का आरोप लगाया था.
भारत का नाम लिए बिना रहमान ने कहा, “देश से भागने के बाद भी उन्होंने एक बार फिर आगजनी और लोगों की हत्या की राजनीति शुरू कर दी है. वे पीछे से लोगों पर हमला कर रहे हैं और उनकी हत्या कर रहे हैं.”
उन्होंने आगे कहा, “अब बहुत हो चुका. हमें इन आतंकवादियों, आगजनी करने वालों और हत्यारों को स्पष्ट जवाब देना होगा.”
भारत की क्या प्रतिक्रिया है?
इमेज स्रोत, Sonu Mehta/Hindustan Times via Getty Images
नाहिद इस्लाम के ताज़ा आरोपों पर भारत सरकार की ओर से अब तक कोई सीधी प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
उन्होंने कहा था, “भारत की स्थिति लगातार यही रही है कि वह बांग्लादेश के साथ सकारात्मक, रचनात्मक और दूरदर्शी संबंध चाहता है. ये संबंध दोनों देशों के साझा इतिहास और लोगों के साझा सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित होने चाहिए.”
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.