• Sat. Jul 11th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

न्यूजीलैंड पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी, द्विपक्षीय संबंधों को नई गति देने पर रहेगा जोर

Byadmin

Jul 11, 2026


डिजिटल डेस्क, ऑकलैंड। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को अपनी तीन देशों की यात्रा के अंतिम चरण में न्यूजीलैंड पहुंच गए। यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पिछले 40 वर्षों में न्यूजीलैंड की पहली आधिकारिक यात्रा है।

आकलैंड हवाई अड्डे पर न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाकर मित्रता और मजबूत द्विपक्षीय संबंधों का संदेश दिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर कहा कि वह आकलैंड पहुंचकर प्रसन्न हैं और प्रधानमंत्री लक्सन द्वारा किए गए स्वागत के लिए आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि चार दशक बाद हो रही यह यात्रा ऐतिहासिक है और इससे भारत-न्यूजीलैंड संबंधों को नई दिशा मिलेगी।

उन्होंने बताया कि वह प्रधानमंत्री लक्सन के साथ व्यापक द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे तथा शनिवार को आकलैंड में भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे।

मोदी ने कहा कि न्यूजीलैंड में भारतीय समुदाय द्वारा किए गए गर्मजोशी भरे स्वागत से वे बहुत प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि लोगों में दिखा उत्साह भारत के साथ प्रवासी भारतीयों के गहरे जुड़ाव को दर्शाता है।

पीएम ने ऑकलैंड में गर्मजोशी से स्वागत किया

विदेश मंत्रालय ने भी इस यात्रा को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे दोनों देशों के बीच व्यापार, रक्षा, खेल, संस्कृति, शिक्षा और जन से जन संपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसर खुलेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के अवसर पर आकलैंड के प्रतिष्ठित स्काई टावर को विशेष रोशनी से सजाया गया, जो भारत और न्यूजीलैंड की मित्रता का प्रतीक है।

नई दिल्ली से रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि उनकी यह यात्रा मार्च 2025 में प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन की भारत यात्रा के दौरान बनी सकारात्मक गति को आगे बढ़ाएगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि यह दौरा दोनों देशों के आर्थिक, व्यापारिक और रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करेगा।

दोनों नेताओं के बीच व्यापार एवं निवेश बढ़ाने, रक्षा सहयोग को विस्तार देने, शिक्षा और तकनीकी साझेदारी को प्रोत्साहित करने तथा हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।

आस्ट्रेलिया के विपक्ष के नेता से मिले मोदी

न्यूजीलैंड पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने आस्ट्रेलिया में वहां के विपक्ष के नेता एंगस टेलर से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच संबंधों पर चर्चा की।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर कहा कि उन्होंने भारत और आस्ट्रेलिया के बीच बढ़ती व्यापक रणनीतिक साझेदारी पर सार्थक बातचीत की।

यह गर्मजोशी भरी और सौहार्दपूर्ण मुलाकात भारत के साथ संबंध मजबूत करने के लिए आस्ट्रेलिया में दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के मजबूत समर्थन को दर्शाती है।

 

By admin