इमेज कैप्शन, रविवार को पटना में एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में जन सुराज पार्टी ने बांकीपुर से प्रशांत किशोर को उम्मीदवार घोषित किया
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 2 मिनट
जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर बिहार के बांकीपुर सीट से विधानसभा उप-चुनाव लड़ेंगे.यह सीट बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के हटने से खाली हुई है.
रविवार को एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने उनकी उम्मीदवारी की घोषणा की.
उससे पहले कोर कमिटी की बैठक हुई थी, जिसमें ये फ़ैसला लिया गया.
बांकीपुर बिहार की सबसे चर्चित विधानसभा सीटों में शामिल है और अब यह हाई-प्रोफ़ाइल मुकाबले में बदल गया है.
इस उप चुनाव की तारीख़ जल्द घोषित होने की संभावना है.
यह चुनाव 30 जुलाई को होने वाला है और यहां से प्रशांत किशोर का राजनीतिक डेब्यू होने जा रहा है.
ग़ौरतलब है कि नवंबर 2025 में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में जन सुराज पार्टी ने अधिकांश सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे लेकिन प्रशांत किशोर अंतिम समय में चुनाव में उतरने से मना कर दिया था.
उन्होंने कहा था कि ‘यह उनकी पार्टी का फ़ैसला था कि बाकी सीटों पर ध्यान देना ज़रूरी है.’
कभी ‘राजनीति छोड़ने’ का किया था दावा
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, बिहार चुनावों से पहले प्रशांत किशोर ने बड़ा दावा किया था
बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान प्रशांत किशोर ने कहा था कि अगर जनता दल (यूनाइटेड) ने चुनाव में 25 से ज़्यादा सीटों पर जीत दर्ज की तो वह राजनीति छोड़ देंगे.
जेडीयू ने बिहार में 85 सीटें जीती हैं. इसके बाद से सवाल उठे कि क्या प्रशांत किशोर राजनीति छोड़ेंगे?
लेकिन चुनाव के बाद पटना में एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में प्रशांत किशोर ने अपने इस बयान पर सफाई दी. उन्होंने कहा, “मैं उस बात पर बिल्कुल कायम हूं. अगर नीतीश कुमार की सरकार ने ये वोट नहीं ख़रीदे हैं, तो मैं राजनीति से संन्यास ले लूंगा.”
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.