• Fri. Jun 26th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

बेंगलुरु में चलती स्कूल वैन से गिरे बच्चे, किसी को गंभीर चोट नहीं

Byadmin

Jun 26, 2026


डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। बेंगलुरु के KR पुरम इलाके से एक बेहद हैरान और डरा देने वाला वीडियो सामने आया है। यहां एक चलती हुई स्कूल वैन का पिछला दरवाजा अचानक खुल गया, जिससे गाड़ी में बैठे कई मासूम बच्चे चलती गाड़ी से सीधे सड़क पर गिर गए।

यह पूरी घटना वहां लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने इस लापरवाही को लेकर वैन के ड्राइवर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर

बता दें कि यह घटना गुरुवार को के.आर. पुरम के गायत्री लेआउट में हुई। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बच्चों से भरी स्कूल वैन सड़क से गुजर रही थी। तभी अचानक गाड़ी का पिछला दरवाजा खुल जाता है और वैन की रफ्तार के कारण कई बच्चे एक के बाद एक सड़क पर गिर जाते हैं।

गनीमत यह रही कि पीछे से कोई दूसरा बड़ा वाहन नहीं आ रहा था, वरना कोई बड़ा हादसा हो सकता था। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, इस हादसे में करीब चार बच्चों को मामूली खरोंचें आई हैं और वे सुरक्षित हैं।

पुलिस की बड़ी कार्रवाई

वीडियो सामने आने के बाद बेंगलुरु पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए के.आर. पुरम पुलिस स्टेशन में ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। साथ ही उस स्कूल वैन को भी जब्त कर लिया गया है।

पुलिस अब इस मामले की आगे की जांच कर रही है कि यह हादसा दरवाजे के लॉक में खराबी के कारण हुआ या फिर बच्चों की सुरक्षा को लेकर ड्राइवर की लापरवाही की वजह से।

By admin