• Wed. Jul 2nd, 2025

24×7 Live News

Apdin News

भारत-पाक ने एक-दूसरे के कैदियों की सूची सौंपी, पाकिस्तान की जेल में 246 भारतीय बंद

Byadmin

Jul 2, 2025


भारत और पाकिस्तान ने मंगलवार को एक-दूसरे की जेलों में बंद कैदियों की सूची साझा की। इस्लामाबाद ने नई दिल्ली को 246 भारतीयों या भारतीय समझे जाने वाले कैदियों की सूची सौंपी जिसमें 53 नागरिक और 193 मछुआरे हैं। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में पाकिस्तान से उन 159 भारतीय मछुआरों और नागरिकों को प्रत्यर्पित करने की मांग की है जिनकी सजा पूरी हो चुकी है।

 पीटीआई, नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान ने मंगलवार को एक-दूसरे की जेलों में बंद कैदियों की सूची साझा की। इस्लामाबाद ने नई दिल्ली को 246 भारतीयों या भारतीय समझे जाने वाले कैदियों की सूची सौंपी, जिसमें 53 नागरिक और 193 मछुआरे हैं।

सजा पूरी कर चुके भारतीय कैदियों को प्रत्यर्पित करने को कहा

विदेश मंत्रालय ने एक बयान में पाकिस्तान से उन 159 भारतीय मछुआरों और नागरिकों को प्रत्यर्पित करने की मांग की है, जिनकी सजा पूरी हो चुकी है। भारतीय कैदियों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने को भी कहा है।

पाकिस्तान को सौंपी सूची

पाकिस्तानी विदेश कार्यालय के बयान के अनुसार, 2008 के राजनयिक सहायता समझौते के तहत दोनों देशों को प्रत्येक वर्ष एक जनवरी और एक जुलाई को एक-दूसरे की जेलों में बंद कैदियों की सूची साझा करनी होती है। पाकिस्तान ने इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग के एक प्रतिनिधि को भारतीय कैदियों की सूची सौंपी।

विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘आज, पाकिस्तान और भारत ने कूटनीतिक चैनलों के माध्यम से एक-दूसरे की जेलों में बंद कैदियों की सूची साझा की।’

मछुआरों की तत्काल रिहाई और प्रत्यर्पण की मांग की

भारत ने नई दिल्ली स्थित पाकिस्तान के उच्चायोग के एक राजनयिक को 463 पाकिस्तानी या पाकिस्तानी समझे जाने वाले कैदियों (382 नागरिक और 81 मछुआरे) की सूची साझा की। पाकिस्तान ने उन सभी पाकिस्तानी कैदियों और मछुआरों की तत्काल रिहाई और प्रत्यर्पण की मांग की, जिन्होंने अपनी सजा पूरी कर ली है और जिनकी राष्ट्रीय स्थिति की पुष्टि हो चुकी है।

By admin