• Fri. May 22nd, 2026

24×7 Live News

Apdin News

भोजशाला पर फ़ैसले के बाद पहला शुक्रवारः ‘हम जीत गए’ और ‘हमसे छीन लिया गया’ के बीच धार

Byadmin

May 22, 2026


भोजशाला में नारे लगाते हिंदू पक्ष के लोग

इमेज स्रोत, Amit Maithil/BBC

इमेज कैप्शन, धार के भोजशाला परिसर पर हाई कोर्ट के फ़ैसले के बाद पहले शुक्रवार को बड़ी संख्या में हिंदू पूजा करने पहुंचे

“हमारे तो बाप दादाओं का सपना था जिसे हम जी रहे हैं”, यह कहते हुए 55 साल की वैशाली सुर्वे धार ज़िले के भोजशाला से सैकड़ों पुलिसकर्मियों की चाक चौबंद व्यवस्था को पार करके आगे बढ़ रहीं थीं.

धार शहर में विवादित भोजशाला परिसर पर हाईकोर्ट के फ़ैसले के बाद पहला शुक्रवार सुरक्षा के घेरे में बीता. बाज़ार के कई हिस्से बंद थे. गलियों में पुलिस तैनात थी, अर्धसैनिक बल गश्त कर रहे थे. भोजशाला के आस-पास बैरिकेड्स और वॉच टावर लगाए गए थे.

भोजशाला परिसर तक जाने के लिए अलग रास्ता बनाया गया है, जिसे दोनों तरफ़ से सफ़ेद चादरों से ढका हुआ है. इसी परिसर के दोनों तरफ़ मौजूद दरगाहों और कब्रिस्तान के हिस्सों के सामने भी यही सफ़ेद चादरों से ढके बैरिकेड्स लगे हुए थे.

सुबह आरती के लिए बड़ी संख्या में हिंदू श्रद्धालु पहुंचे, लेकिन आस-पास मुस्लिम समुदाय के लोग लगभग दिखाई नहीं दिए. स्थानीय लोग बताते हैं कि कई दशकों में यह पहला शुक्रवार था जब परिसर में नमाज़ नहीं हुई.

वैशाली कहती हैं, “वैसे तो शहर में हमेशा शांति रहती है लेकिन शुक्रवार के दिन यहां थोड़ी असहजता रहती थी. दोनों ही पक्षों के लिए यह दिन ख़ास था. अब अंततः कोर्ट ने हमारे हक़ में फ़ैसला दिया है”.

By admin