जेएनएन, सिंगरौली। मध्य प्रदेश में सिंगरौली जिले के चितरंगी थाना क्षेत्र में आठ वर्ष की मासूम बच्ची के प्राइवेट पार्ट को उसकी सौतेली मां ने चिमटे से दाग दिया। मासूम पिछले कई दिनों से अस्पताल के ट्रामा सेंटर में जिंदगी की जंग लड़ रही है।
बच्ची ने अपने पिता पर दुष्कर्म और सौतेली मां पर गर्म चिमटे से प्राइवेट पार्ट को दागने के संगीन आरोप लगाए हैं। इस मामले में नया मोड़ तब आया जब आरोपित पिता का शव घटना के 10 दिन बाद जंगल में फांसी के फंदे से लटकता मिला। आरोपित सौतेली मां फरार है।
इस मामले में बच्ची के चाचा ने पुलिस और बाल कल्याण समिति में शिकायत की है। महिला पुलिस 23 अगस्त को बच्ची को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के पास लाई थी।
समिति के अध्यक्ष आरडी पांडेय के अनुसार, बच्ची की हालत गंभीर है और उसे विशेष चिकित्सीय देखरेख में रखा गया है। शुरुआती इलाज के दौरान पिता कथित तौर पर बच्ची को अस्पताल से ले गया था।
पुलिस और प्रशासन ने उसे बरामद कर वन स्टाप सेंटर के बाद फिर अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद तीन सितंबर को आरोपित पिता का शव पास के ही जंगल में पाया गया।
सिंगरौली एसपी शियाज के.एम. ने बताया कि मामले में चितरंगी थाने में अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है। सौतेली मां फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को केंद्र में रखकर जांच कर रही है।