जेएनएन, मंदसौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में शनिवार सुबह खेत से फूल तोड़कर आ रहे व्यक्ति को घेरकर हमलावरों ने राड व चाकू से वार करके हत्या कर दी। वारदात को इस निर्दयता से अंजाम दिया गया कि उसकी आंतें बाहर निकल आईं।
मृतक रवि माली का पुत्र एक युवक की हत्या के आरोप में जेल में है। आरोप है कि उसी हत्या का बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस साक्ष्य जुटाने में लगी है।
रवि माली शनिवार सुबह खेत में फूल तोड़ने गया था। लौटते समय उसे कुछ लोगों ने रास्ते में घेर लिया और राड से जमकर पीटने के साथ ही पेट में चाकू से कई वार किया। इससे उसकी आतें बाहर निकल आईं।
मरणासन्न रवि को लहूलुहान अवस्था में छोड़कर हमलावर भाग गए। अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। बताया गया कि मृतक के पुत्र और उसके साथी पर एक युवक की चाकू मारकर हत्या करने का आरोप है।
पांच अप्रैल को हुई इस घटना के बाद से आरोपित जेल में हैं। स्वजन ने यह भी आरोप लगाया कि रवि को पहले भी फोन पर कई बार हत्या की धमकी मिल चुकी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।