पीटीआई, मुंबई। भोर घाट सेक्शन में हुए भूस्खलन के कारण मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर यातायात 17 जुलाई तक गंभीर रूप से प्रभावित रहेगा। मध्य रेलवे ने 14 दैनिक ट्रेनों, आठ विशेष तिथियों पर चलने वाली ट्रेनों और आठ स्पेशल ट्रेनों सहित कुल 30 रेल सेवाएं रद कर दी हैं।
रद की गई प्रमुख ट्रेनों में डेक्कन क्वीन, डेक्कन एक्सप्रेस, मुंबई-पुणे इंटरसिटी एक्सप्रेस, सीएसएमटी-हैदराबाद एक्सप्रेस, चेन्नई एग्मोर सुपरफास्ट मेल और हुब्बली-दादर एक्सप्रेस शामिल हैं।
छह जुलाई को हुई मूसलाधार बारिश के बाद कर्जत और लोनावला के बीच ठाकुरवाड़ी तथा मंकी हिल क्षेत्र में कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ, जिससे रेलवे की तीनों लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं।
रेलवे युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य कर रहा है, लेकिन दुर्गम पहाड़ी इलाका और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियां बहाली में बाधा बन रही हैं। फिलहाल तीन में से एक लाइन को बहाल कर दिया गया है, जबकि शेष दो पर कार्य जारी है।
यात्रियों की परेशानी कम करने के लिए महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) शनिवार से मुंबई-पुणे मार्ग पर प्रतिदिन 200 अतिरिक्त बस सेवाएं संचालित करेगा। ये बसें पहले से चल रही 312 ई-शिवनेरी सेवाओं के अतिरिक्त होंगी।