महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने बड़ी कार्रवाई की है। एफडीए ने मुंबई के प्रसिद्ध बॉम्बे प्रेसिडेंसी रेडियो क्लब और कोलाबा स्थित मैकडोनाल्ड्स आउटलेट का लाइसेंस निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही पूरे राज्य में कुल 13 खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों के उल्लंघन के कारण हुई है। एफडीए के इस कड़े रुख से पूरे राज्य के होटल और रेस्टोरेंट संचालकों में हड़कंप मच गया है।
आईएएस तुकाराम मुंढे की अगुवाई में बड़ा अभियान
मई महीने में आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंढे ने एफडीए आयुक्त का पदभार संभाला था। इसके बाद से ही नियम तोड़ने वाले खाद्य प्रतिष्ठानों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। एफडीए ने हाल ही में एक विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान राज्य भर के 89 होटलों, रेस्टोरेंटों और ढाबों का निरीक्षण किया गया। जांच के बाद 71 प्रतिष्ठानों को सुधार के नोटिस जारी किए गए। वहीं गंभीर लापरवाही मिलने पर 13 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस तुरंत निलंबित कर दिए गए।
रेडियो क्लब और मैकडोनाल्ड्स में मिलीं गंभीर खामियां
19 अगस्त को रेडियो क्लब के किचन की जांच की गई थी। निरीक्षण में 47 प्रतिशत गैर-अनुपालन दर दर्ज की गई। किचन में जिंदा मक्खियां और मरे हुए कॉकरोच मिले। छत से पेंट और प्लास्टर झड़कर खाना पकाने वाली जगह पर गिर रहा था। डिटर्जेंट पाउडर और रसायन भोजन सामग्री के पास रखे थे। खाना सीधे फर्श पर रखा था और मांसाहारी भोजन के लिए उपयोग होने वाले रेफ्रिजरेटर बेहद गंदे थे। इसके बाद एफडीए ने निलंबन अवधि के दौरान भोजन की खरीद, बिक्री और वितरण पर रोक लगा दी।
कोलाबा के मेट्रो हाउस स्थित मैकडोनाल्ड्स आउटलेट का एफएसएसएआई लाइसेंस भी निलंबित कर दिया गया। 12 अगस्त को आउटलेट ने 148 पन्नों की अनुपालन रिपोर्ट सौंपी थी। लेकिन 19 अगस्त को दोबारा जांच में पहले से दी गई 20 में से 18 खामियां दूर नहीं हुई थीं। वहां बिना कैलिब्रेशन वाले फ्रिज, जिंदा कॉकरोच, फर्श पर सड़ता खाना और गंदे कपड़े मिले। कर्मचारी गंदे जूते और कपड़े छूने के बाद बिना हाथ धोए खाना बना रहे थे। इसके अलावा असली पनीर और चीज का दावा करके गैर-डेयरी उत्पाद का इस्तेमाल किया जा रहा था।
यह भी पढ़ें: जंतर-मंतर प्रदर्शन: ‘सिर्फ भ्रष्टाचार नहीं, सिस्टम की नाकामी का भी नतीजा है विरोध’; RSS ने सरकार को दी नसीहत
मुंबई के अन्य बड़े प्रतिष्ठानों पर भी एक्शन
मलाड स्थित नोवारा रेस्तरां का लाइसेंस भी निलंबित कर दिया गया। 13 अगस्त की जांच में पुरानी 25 गंभीर खामियों में से 14 वैसी ही पाई गईं। यहां पुराने और असुरक्षित बर्तनों का इस्तेमाल हो रहा था। नालियों में ग्रीस और कॉकरोच ट्रैप गायब थे।
नरीमन पॉइंट स्थित स्टेटस रेस्तरां पर ग्राहक की शिकायत के बाद कार्रवाई हुई। यहां एक कर्मचारी सीधे साफ बर्तनों के ऊपर अपना मुंह धो रहा था, जिससे गंदा पानी बर्तनों पर गिर रहा था। कर्मचारी बिना सुरक्षा किट के काम कर रहे थे। खार वेस्ट के खार जिमखाना का रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र भी निलंबित किया गया है। वहां खाना पकाने की जगह पर गंदगी, कच्चे और पके खाने को मिलाने और बर्तन धोने के लिए गर्म पानी न होने जैसी समस्याएं मिलीं। इसके अलावा सांताक्रूज वेस्ट के बजरंग स्वीट मार्ट और अंधेरी वेस्ट के एएसएम होटल्स का लाइसेंस भी निलंबित किया गया है।
मुंबई के बाहर भी एफडीए की सख्त कार्रवाई
एफडीए का यह अभियान केवल मुंबई तक सीमित नहीं रहा। नागपुर में टू ब्रदर्स शोरमा , नासिक में अवंती स्नैक्स और अमरावती में ‘पिंटू यादव स्वीट्स’ का लाइसेंस निलंबित हुआ। छत्रपति संभाजीनगर और परभणी में भी तीन संस्थानों पर गाज गिरी। इनमें छप्पन भोग थाली रेस्टोरेंट, म्हारो गायत्री मेवाड़ प्राइवेट लिमिटेड और स्टार बेकरी शामिल हैं। इन सभी जगहों पर स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों की भारी अनदेखी की जा रही थी।