आईएएनएस, संयुक्त राष्ट्र। संयुक्त राष्ट्र महासभा के सालाना सत्र में हिस्सा लेने के लिए यहां पहुंचे विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बुधवार को कई यूरोपीय समकक्षों से मुलाकात की और उनके साथ वैश्विक मुद्दों व आर्थिक सहयोग पर चर्चा की। उन्होंने प्रशांत और कैरेबियाई देशों के विदेश मंत्रियों के साथ भी अलग-अलग बैठकें कीं, जिनमें द्विपक्षीय समेत विभिन्न मुद्दों पर बातचीत हुई।
जयशंकर ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि उनकी नीदरलैंड्स के विदेश मंत्री टाम बेरेनडसेन के साथ बैठक के दौरान यूक्रेन युद्ध पर विचारों का आदान-प्रदान किया गया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मई में हुई हेग की यात्रा पर चर्चा की।
विदेश मंत्री ने स्लोवेनिया और फिनलैंड के अपने समकक्षों के साथ भी अलग-अलग बैठकें कीं। उन्होंने कहा, “हमारे द्विपक्षीय संबंध और यूरोपीय यूनियन (ईयू) के साथ सहयोग मजबूत बने हुए हैं।”
ये देश ईयू के सदस्य हैं और गत जनवरी में भारत व ईयू ने मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) को लेकर औपचारिक घोषणा की थी।
एएनआइ के अनुसार, विदेश मंत्री जयशंकर ने गुरुवार को प्रशांत क्षेत्र के कई देशों के विदेश मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं। उन्होंने कैरेबियाई देशों के समकक्षों से भी मुलाकात की और इन नेताओं के साथ विभिन्न मुद्दों व द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।