• Sat. Aug 15th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

राजस्थान: दलित परिवार के पांच लोगों की हत्या के मामले में सभी 40 अभियुक्त बरी, पीड़ित परिवार ने कहा- हमारी दोबारा हत्या हुई है

Byadmin

Aug 15, 2026


सोनकी देवी

इमेज स्रोत, Mohar singh meena

इमेज कैप्शन, पीड़ित परिवार की बुजुर्ग महिला सोनकी देवी दलितों पर हमले के दौरान बुरी तरह घायल हो गई थीं

राजस्थान के नागौर ज़िले में 2015 में हुई एक घटना फिर से सुर्ख़ियों में है. उस साल मई महीने की 14 तारीख़ को क़रीब नौ बजे डांगावास में खेत में काम कर रहे एक दलित परिवार पर हमला हुआ था.

इस दौरान पांच लोगों की हत्या कर दी गई और क़रीब एक दर्जन से ज़्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

अब 11 साल बाद इस मामले में बीती पांच अगस्त को मेड़ता की एससी-एसटी स्पेशल कोर्ट ने फ़ैसला सुनाया. इस मामले की जांच में सीबीआई ने चालीस अभियुक्त बनाए थे, जिन्हें अब बरी कर दिया गया.

इस हत्याकांड के पीड़ित किशनाराम कोर्ट के फ़ैसले के बाद बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से बातचीत में कहते हैं, “ग्यारह साल में हमारे परिवार की दो बार हत्या हो गई है. एक बार हमारे गांव वालों ने हमारे परिवार की हत्या कर दी और अब कोर्ट के फ़ैसले ने हमारी हत्या कर दी. दूसरी बार हत्या हो गई हमारे परिवार की. अब हम न्याय के लिए हाई कोर्ट जाएंगे.”

वहीं अभियुक्त पक्ष के वकील ने फ़ैसले पर कहा कि अदालत ने सभी बिंदुओं के अध्ययन के बाद ही अभियुक्तों को दोषमुक्त किया है.

By admin