• Thu. May 28th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

लू के प्रचंड प्रकोप से कब मिलेगी राहत? दिल्ली-यूपी-बिहार समेत पूरे उत्तर भारत बारिश को लेकर आया बड़ा अपडेट

Byadmin

May 28, 2026


जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। उत्तर भारत के बड़े हिस्से में कई दिनों से जारी भीषण गर्मी और लू से एक-दो दिनों में राहत मिलने के संकेत हैं। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी भरी हवाएं और पंजाब-हरियाणा के ऊपर बनने वाला चक्रवाती साइक्लोन उत्तर भारत के बड़े हिस्से में बारिश, तेज आंधी और तापमान में गिरावट का कारण बनेगा।

इस दौरान तेज गति से हवा भी चलेगी। हालांकि इसके पहले मध्य एवं उत्तर-पश्चिम हिस्से में लू एवं कहीं-कहीं भीषण लू का असर बना रहेगा।

LUUUU (1)

28 मई की रात शुरू होगा पश्चिमी विक्षोभ का असर

भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 28 मई की रात से ही पश्चिमी विक्षोभ का असर शुरू हो जाएगा और 29 मई से मौसम तेजी से बदलने लगेगा। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि 28-30 मई के बीच दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में लगभग 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

धूल भरी आंधी के साथ ओलावृष्टि की संभावना

कई इलाकों में धूल भरी आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना है। इससे तापमान में चार डिग्री तक गिरावट आ सकती है और लोगों को झुलसा देने वाली गर्मी से राहत मिलेगी।

गुरुवार रात से बदलेगा मौसम- IMD

दिल्ली में बुधवार को भी गर्मी का असर बना रहा। मौसम विभाग ने लू को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है, जो गुरुवार को भी दोपहर तक जारी रह सकता है। रात से मौसम बदलना शुरू हो जाएगा। पंजाब और हरियाणा में भी मौसम का बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। दोनों राज्यों के ऊपर बनने वाला चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तर भारत के मौसम को प्रभावित करेगा। इसके असर से तेज गरज के साथ बारिश और धूल भरी आंधी चल सकती है।

बिहार-झारखंड में तेज बारिश की संभावना

बिहार और झारखंड में बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी भरी हवाओं का असर ज्यादा रहेगा। इन राज्यों में तेज बारिश और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भी बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू हो सकता है। राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में फिलहाल गर्मी चरम पर है। हालांकि 28 मई से पश्चिमी विक्षोभ के असर से यहां भी आंधी-बारिश शुरू होगी।

By admin