पीटीआई, हैदराबाद। सीआईएसएफ कर्मी का रूप धरकर एक महिला और उसके परिवार को शादी के लिए धोखा देने के आरोप में एक 30 वर्षीय युवक को हैदराबाद एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले का आरोपित सोमवार को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर संदिग्ध तरीके से फोटो खींचते हुए पैरामिलिट्री यूनिफार्म पहने पाया गया।
उसे केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के कर्मियों द्वारा रोका गया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया। वह एक तलाकशुदा महिला के साथ रिश्ते में था।
उसने महिला से शादी करने की साजिश के तहत सीआईएसएफ कर्मी का रूप धरा था, जबकि उसने अपनी पहली पत्नी से अलगाव कर लिया था। आरोपित ने महिला के परिवार को बताया था कि वह हैदराबाद हवाई अड्डे पर सीआइएसएफ में तैनात है।
अधिकारी ने कहा, ”उसने एक यूनिफार्म खरीदी और सोमवार को हैदराबाद हवाई अड्डे पर गया, जहां उसने अपने मोबाइल फोन पर फोटो खींचे।
उसने ये फोटो महिला के परिवार को एक इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप से भेजे और यह दावा करने के लिए वीडियो कॉल भी किया कि वह सीआईएसएफ में काम कर रहा है और हवाई अड्डे पर तैनात है।”
पुलिस ने उसके खिलाफ पहचान छिपाने, धोखाधड़ी और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।