डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। तमिलनाडु में महज 29 साल की उम्र में, एस. कीर्तना विजय के नेतृत्व वाली पार्टी ‘तमिलगा वेट्री कजगम’ (TVK) की सबसे कम उम्र की MLA बनकर उभरी हैं। उन्हें विरुधुनगर जिले की शिवकाशी विधानसभा सीट से जीत मिली है और तमिलनाडु की राजनीति में पार्टी के नए चेहरों में से एक बन गई हैं।
रविवार को मंत्री पद की शपथ लेने से पहले कीर्तना ने कहा, “मैंने हमेशा खुद को राजनीति में ही देखा है, यही वजह है कि मैंने पॉलिटिकल स्ट्रेटेजिस्ट (राजनीतिक रणनीतिकार) के तौर पर करियर चुना।” उन्होंने आगे कहा, “मैंने अलग-अलग नेताओं के साथ काम किया और समझा कि सिस्टम कैसे काम करता है और नौकरशाही कैसे चलती है।”
कौन हैं एस. कीर्तना ?
1996 में विरुधुनगर में जन्मी कीर्तना ने पॉलिटिकल कंसल्टिंग में करियर बनाने से पहले एक तमिल-माध्यम के सरकारी स्कूल में पढ़ाई की। उन्होंने मदुरै कामराज यूनिवर्सिटी से जुड़े एक कॉलेज से गणित में BSc पूरी की और बाद में 2019 में पुडुचेरी यूनिवर्सिटी से सांख्यिकी (Statistics) में MSc की डिग्री हासिल की।
सक्रिय राजनीति में आने से पहले, कीर्तना ने शो-टाइम कंसल्टिंग और IPAC के साथ पॉलिटिकल कंसल्टेंट और डिजिटल कैंपेन स्ट्रेटेजिस्ट के तौर पर काम किया। उन्होंने तेलुगु देशम पार्टी (TDP), तृणमूल कांग्रेस (TMC) और द्रविड़ मुनेत्र कजगम (DMK) के चुनावी अभियानों में भी हिस्सा लिया था।
खबरें और भी
इन सालों में, उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्रियों स्टालिन, ममता बनर्जी और मौजूदा आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के साथ काम किया। अपने अनुभव के बारे में बात करते हुए कीर्तना ने कहा कि, “एक पॉलिटिकल स्ट्रेटजिस्ट के तौर पर उनके काम ने उन्हें शासन, प्रशासन और नौकरशाही के कामकाज की गहरी समझ दी।”
पांच भाषाएं बोलने की क्षमlता उनको बनाती है अलग
इन सब के अलावा जो बात उन्हें, दूसरों से अलग बनाती है; वह है उनकी पांच भाषाएं बोलने की क्षमता। कीर्तना तमिल, अंग्रेजी, हिंदी और तेलुगु धाराप्रवाह बोल लेती है। कीर्तना के अनुसार, कई भाषाएं सीखने से उन्हें अलग-अलग राज्यों में काम करने और लोगों से सीधे तौर पर जुड़ने में मदद मिली। उन्होंने कहा, “भाषा ने मुझे अलग-अलग राज्यों में काम करने के कई मौके दिए।” उन्होंने आगे बताया कि उन्होंने हिंदी बोलना इसलिए चुना ताकि पूरे भारत में ज्यादा से ज्यादा लोग विजय के संदेश को समझ सकें और उससे जुड़ सकें।
बता दें कि, इस विधानसभा चुनाव में, कीर्तना ने 68,709 वोट हासिल किए और कांग्रेस उम्मीदवार अशोकन जी को 11,670 वोटों के अंतर से हराया। वह सात दशकों में शिवकाशी से पहली महिला विधायक हैं, जिन्होंने AIADMK के एक पूर्व मंत्री को हराया है।
TVK को चुनने की वजह बताते हुए कीर्तना ने कहा, “TVK एक ऐसी जगह है जहां हर किसी की पहुंच है। भले ही मेरा कोई राजनीतिक या आर्थिक बैकग्राउंड न हो, फिर भी मैं वहां हूं। अगर आप लोगों के लिए कुछ करने का इरादा रखते हैं, तो आपका स्वागत है।”