मेरठ के आसमान में 19 और 20 सितंबर को भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण एरोबैटिक टीम के पायलट्स रोमांचक हवाई करतब दिखाएंगे। मोहिउद्दीनपुर स्थित न्यू इंटीग्रेटेड टाउनशिप में होने वाले इस एयर शो में नौ हॉक MK-132 विमान अलग-अलग फॉर्मेशन में उड़ान भरेंगे। विमानों से निकलने वाली केसरिया, सफेद और हरे रंग की धुएं की लकीरें आसमान में तिरंगे की छटा बिखेरेंगी।
एयर शो से पहले सूर्य किरण एरोबैटिक टीम के फाइटर पायलट स्क्वाड्रन लीडर विक्रम वेंकटेशन और मेरठ निवासी स्क्वाड्रन लीडर अमन गोयल अमर उजाला कार्यालय पहुंचे। जहां डिम्पल सिरोही से बातचीत में दोनों अधिकारियों ने सूर्य किरण टीम, पायलटों की कठिन ट्रेनिंग, अनुशासन, एकाग्रता, टीम वर्क और एयर शो में होने वाले विभिन्न हवाई करतबों को लेकर अपने अनुभव साझा किए।