• Mon. Jun 8th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

वीरता पुरस्कार 2026: राष्ट्रपति मुर्मु ने 51 बहादुर जवानों को किया सम्मानित, गगनयान मिशन के अंतरिक्ष यात्री भी शामिल

Byadmin

Jun 8, 2026


डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित रक्षा अलंकरण समारोह 2026 (फेज-1) के दौरान सशस्त्र बलों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और राज्य/केंद्र शासित प्रदेश पुलिस के कुल 51 कर्मियों को वीरता पुरस्कारों से सम्मानित किया। इन पुरस्कारों में 7 कीर्ति चक्र, 15 वीर चक्र और 29 शौर्य चक्र शामिल हैं।

सम्मानित किए गए जवानों और अधिकारियों को ड्यूटी के दौरान असाधारण साहस, अदम्य वीरता और अपनी जान की परवाह किए बिना राष्ट्र सेवा के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।

गगनयान मिशन के अंतरिक्ष यात्री को मिला कीर्ति चक्र

कीर्ति चक्र पाने वालों में भारतीय वायुसेना के अधिकारी और गगनयान मिशन के लिए चुने गए अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन (अब एयर कमोडोर) प्रशांत बालकृष्णन नायर भी शामिल रहे। उन्हें “पापा” कॉल साइन से भी जाना जाता है।

भारत के पहले मानव अंतरिक्ष मिशन ‘गगनयान’ के लिए चयनित चार अंतरिक्ष यात्रियों में शामिल प्रशांत नायर को चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में साहस, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट सेवा के लिए यह सम्मान दिया गया।

कई पुरस्कार मरणोपरांत

समारोह में शहीद जवानों के सर्वोच्च बलिदान को भी याद किया गया। राष्ट्रपति ने 2 कीर्ति चक्र, 3 वीर चक्र और 1 शौर्य चक्र मरणोपरांत प्रदान किए। शहीदों के परिजनों ने राष्ट्रपति से ये सम्मान प्राप्त किए।

विशेष बलों के जवानों को भी सम्मान

पुरस्कार पाने वालों में सेना की पैरा स्पेशल फोर्स, राष्ट्रीय राइफल्स, असम राइफल्स, सीआरपीएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के जवान शामिल रहे। इन जवानों ने आतंकवाद-रोधी अभियानों, कठिन इलाकों में सुरक्षा मिशनों और अन्य जोखिम भरे ऑपरेशनों में असाधारण बहादुरी दिखाई।

By admin