• Tue. Nov 24th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

शेख हसीना ने किया 16 दिसंबर को ढाका लौटने का एलान, बांग्लादेश सरकार से की विमान भेजने की मांग

Byadmin

Nov 24, 2026


डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना पिछले दो साल से अधिक समय से भारत में निर्वासित जीवन बिता रही हैं। वह 16 दिसंबर को बांग्लादेश के ‘विजय दिवस’ पर ढाका लौटने की तैयारी में हैं। यह जानकारी उनके प्रवक्ता ने मंगलवार को दी।

दरअसल, यह पहली बार है जब हसीना ने अपनी वापसी के लिए कोई निश्चित तारीख तय की है। इससे बांग्लादेश में राजनीतिक और कानूनी तनाव बढ़ सकता है, जहां उनकी पार्टी पर प्रतिबंध लगा हुआ है। साथ ही, इस महीने की शुरुआत में जब उन्होंने नया पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज मांगे, तब से वहां हिंसा भी बढ़ गई है।

अपने खिलाफ हुए हिंसक विद्रोह के बाद दिल्ली भागने के कुछ महीनों बाद उनके दस्तावेज रद कर दिए गए थे। अब हसीना ने इन दस्तावेजों को फिर से हासिल करने की कोशिश करने के साथ-साथ, बांग्लादेश सरकार से यह भी आग्रह किया है कि वे उनकी वापसी के लिए देश की सरकारी एयरलाइन ‘बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस’ की व्यवस्था करें।

5 अगस्त 2024 को आईं थी भारत

उनके प्रवक्ता सैयद मुजम्मिल अली ने एक बयान में कहा, ‘ 5 अगस्त 2024 को शेख हसीना को एक बांग्लादेशी विमान से ही भारत लाया गया था, इसलिए अब वह सरकार से मांग करती हैं कि वह दिल्ली से ढाका तक उनकी हवाई यात्रा की व्यवस्था करे।’

उन्होंने आगे कहा, ‘संविधान के खिलाफ जाकर ऐसी परिस्थितियों में उन्हें निर्वासित किया गया था, लिहाजा अब यह सरकार की जिम्मेदारी है कि वह 16 दिसंबर को ‘विजय दिवस’ के मौके पर उनकी बांग्लादेश वापसी सुनिश्चित करे।’

बांग्लादेश से नहीं आया कोई जवाब

बांग्लादेश सरकार के एक प्रवक्ता ने इस मामले पर टिप्पणी के अनुरोध का तत्काल कोई जवाब नहीं दिया। हालांकि, बांग्लादेश के एक मंत्री ने रविवार को समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया था कि मौत की सजा का सामना कर रहीं हसीना के स्वदेश लौटने पर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।

मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि हसीना को वापस लाने के लिए विमान भेजने के संबंध में भारत के साथ कोई आधिकारिक बातचीत नहीं हुई है। (समाचार एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)

 

By admin