इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिका ने सिंगापुर की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) कंपनी मेगास्पीड पर प्रतिबंध लगाने की योजना बनाई है.
कंपनी पर एनविडिया से जुड़े विवाद में कथित तौर पर शामिल होने का आरोप है.
अमेरिकी कॉमर्स डिपार्टमेंट ने कहा है कि वह मेगास्पीड लिमिटेड को उन कंपनियों की लिस्ट में शामिल करने की योजना बना रहा है, जिनके अमेरिका में सामान ख़रीदने या बेचने पर प्रतिबंध है.
मेगास्पीड मुख्य रूप से डेटा सेंटर डेवलप करने का काम करती है. हाल के हफ़्तों में कंपनी की एक पूर्व अधिकारी पर चीन के लिए जासूसी करने का आरोप लगा था.
उन पर एनविडिया के प्रमुख जेनसन हुआंग के साथ रिश्ते में होने का भी आरोप है.
इस संबंध के सामने आने के बाद अमेरिकी अधिकारियों की जांच बढ़ गई. साथ ही, यह चिंता भी बढ़ी कि मेगास्पीड एनविडिया की अत्याधुनिक एआई कंप्यूटर चिप चीन पहुंचा रही थी.
हालांकि, अमेरिकी कॉमर्स डिपार्टमेंट ने यह नहीं बताया है कि मेगास्पीड पर प्रतिबंध कब से लागू होगा.
बीबीसी न्यूज़ ने इस मामले पर प्रतिक्रिया के लिए अमेरिकी कॉमर्स डिपार्टमेंट, व्हाइट हाउस और मेगास्पीड से संपर्क किया है.
पिछले महीने तक अमेरिका में मेगास्पीड के बारे में ज़्यादा लोगों को जानकारी नहीं थी.
मीडिया रिपोर्टों में कंपनी की पूर्व अधिकारी एलिस हुआंग और जेनसन हुआंग के बीच अफ़ेयर की ख़बरें सामने आने के बाद यह कंपनी चर्चा में आई.
अमेरिकी ख़ुफ़िया एजेंसियों को शक था कि एलिस हुआंग बीजिंग के लिए काम कर रही थीं. इससे अमेरिका में राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई थीं.
चीन ने एलिस हुआंग के जासूस होने के आरोपों को ख़ारिज किया है. चीन ने अमेरिका को चेतावनी भी दी है कि वह इस विवाद को एआई तकनीक पर ‘टेक्नोलॉजिकल ब्लॉकेज’ लगाने का बहाना न बनाए.