• Tue. Nov 24th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

‘हम अकेले घर नहीं ख़रीद सकते थे, इसलिए कुछ अजनबियों के साथ मिलकर ख़रीद लिया’

Byadmin

Nov 24, 2026


पुलमैन परिवार (बाईं ओर) और विलकॉक्स परिवार (दाईं ओर) एक साथ सोफ़े पर बैठे हैं.

इमेज कैप्शन, पुलमैन परिवार (बाईं ओर) और विलकॉक्स परिवार ने पहली मुलाक़ात के कुछ ही समय बाद मिलकर एक घर ख़रीद लिया

जब एलिज़ाबेथ और टॉम विलकॉक्स को एहसास हुआ कि वे अपने और अपने दो बच्चों के लिए मनचाहा घर कभी नहीं ख़रीद पाएंगे, तो उन्होंने एक बड़ा जोखिम उठाने का फ़ैसला किया.

उन्होंने सोचा कि वे छोटे बच्चों वाले किसी दूसरे जोड़े को ढूंढेंगे, जो उनके लिए बिल्कुल अजनबी हों. फिर उन्हें प्रस्ताव देंगे कि वे मिलकर एक प्रॉपर्टी ख़रीदें और उसमें साथ रहें.

कनाडा के वैंकूवर में रहने वाले विलकॉक्स दंपति एक ऐसा घर ख़रीदना चाहते थे, जिसके पीछे खुली जगह हो और जहां उनके बच्चे खेल सकें. वैंकूवर में मकानों की क़ीमतें लंबे समय से कनाडा के सबसे महंगे शहरों में शुमार रही हैं.

हेल्थकेयर सेक्टर में प्रोजेक्ट मैनेजर के तौर पर काम करने वाली एलिज़ाबेथ कहती हैं, “हम ऐसा घर चाहते थे, जिसके पीछे इतनी जगह हो कि वहां ट्रैम्पोलिन रखा जा सके. घर ऐसी जगह भी हो, जहां पैदल आसानी से आया-जाया जा सके. लेकिन हम इसे ख़रीदने का ख़र्च नहीं उठा सकते थे.”

उनका बजट 10 लाख कनाडाई डॉलर (करीब सात लाख अमेरिकी डॉलर या पांच लाख ब्रिटिश पाउंड) था. इस बजट में वे ज़्यादा से ज़्यादा बालकनी वाला एक छोटा अपार्टमेंट ही ख़रीद सकते थे.

By admin