• Sat. Jul 4th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी पर आरएसएस की सफाई कांग्रेस ने की खारिज कहा संघ-भाजपा ने रामभक्तों को दिया धोखा

Byadmin

Jul 4, 2026


जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। कांग्रेस ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर से बड़े पैमाने पर चढ़ावे की हुई चोरी के मामले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सफाई को खारिज करते हुए इसे घड़ियाली आंसू बताते हुए कहा कि देशवासी इस कृत्य को कभी माफ नहीं करेंगे।

चढ़ावा चोरी को लेकर तीखे सवाल दागते हुए पार्टी ने संघ-भाजपा पर हमला किया और कहा कि वे श्रीराम के पुजारी नहीं बल्कि व्यापारी हैं जिन्होंने सनातन धर्म और रामभक्तों को धोखा दिया है।

कांग्रेस ने चढ़ावा चोरी पर उठाए सवाल

आरएसएस के सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले के चढ़ावा चोरी पर दिए बयान के संदर्भ में पार्टी दफ्तर में कांग्रेस की ओर से आधिकारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा ने कहा कि होसबोले ने टेलीप्रॉम्प्टर पर लिखा हुआ बयान पढ़ा लेकिन इससे आरएसएस इस महापाप और अपनी जिम्मेदारी से किनारा नहीं कर सकता। साथ ही इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी गंभीर सवाल खड़े करती है।

उन्होंने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुख्य पदाधिकारी आरएसएस-भाजपा से जुड़े हुए हैं और उनकी देखरेख में ही चढ़ावा चोरी के महापाप को अंजाम दिया गया। ट्रस्ट का संचालन करने वाले चंपत राय बंसल, अनिल मिश्रा और गोपाल राव आरएसएस से जुड़े हुए हैं और क्या वह इस तथ्य को नकार सकता है?

अराधाना ने कहा कि यदि आरएसएस वाकई इस घटना से दुखी है तो उसने इन पदाधिकारियों पर क्या कार्रवाई की? आखिर क्यों इन पर अभी तक एफआईआर तक दर्ज नहीं की गई है? ट्रस्ट के कर्ता-धर्ता बनकर बैठे लोगों की जवाबदेही अब तक क्यों तय नहीं की गई?

कांग्रेस ने ट्रस्ट के पदाधिकारियों को बचाने का लगाया आरोप 

भाजपा पर ट्रस्ट के बड़े पदाधिकारियों को बचाने का आरोप लगाते हुए अराधना मिश्रा ने कहा कि केवल छोटे कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्हें ट्रस्ट ने ही नियुक्त किया था। ट्रस्ट ने अपनी पसंद के लोगों को एसबीआई और संबंधित एजेंसी के जरिए श्रीराम मंदिर में काम पर लगाया और इन लोगों की न कोई जांच हुई और न ही इनकी पृष्ठभूमि के बारे में पड़ताल की गई।

मंदिर में बड़े पैमाने पर हुईं वित्तीय अनियमितताओं पर ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं किए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश भर से आए चढ़ावे, 1250 शिलाओं और करोड़ों रुपये के आभूषणों का कोई हिसाब नहीं रखा गया। ट्रस्ट को आरटीआई के दायरे से बाहर रखा गया।

करोड़ों रुपए की लूट का पैसा आखिर कहां गया- आराधना मिश्रा

उन्होंने सवाल किया कि मंदिर से हुई करोड़ों रुपए की लूट का पैसा आखिर कहां गया? आराधना मिश्रा ने कहा कि श्रीराम मंदिर के जमीन खरीद घोटाले से लेकर चढ़ावे की चोरी तक, कांग्रेस ने हमेशा साक्ष्य प्रस्तुत किए हैं और इन सबकी सुप्रीम कोर्ट के जज की निगरानी में जांच करायी जानी चाहिए।

By admin