डिजिटल डेस्क, कलबुर्गी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को लोकसभा और सभी राज्य विधानसभाओं को भंग कर नए सिरे से चुनाव कराने की मांग की।
उन्होंने दावा किया कि मौजूदा चुनाव अवैध हैं और भविष्य में चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाने चाहिए। खरगे ने संवाददाताओं से कहा कि देश में प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री भी ऐसे चुनावों से चुने गए हैं, जिन्हें वह अवैध मानते हैं।
उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ियों की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि इससे गरीबों, अशिक्षितों, मजदूरों और विशेष रूप से अल्पसंख्यकों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
खरगे ने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे पर देशभर में आंदोलन जारी रखेगा। उन्होंने 30 सितंबर को हुई इंडी गठबंधन की बैठक का जिक्र करते हुए कहा कि 20 दलों और उनके कानूनी प्रकोष्ठों के प्रतिनिधियों ने एसआईआर को लेकर चिंता जताई थी।
कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कुछ क्षेत्रों में मतदाताओं के नाम हटाने और नए नाम जोड़ने की प्रक्रिया में अनियमितताएं हो रही हैं। खरगे ने चुनाव आयुक्तों से जुड़े 2023 के कानून पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि कानून में बदलाव से चुनाव आयोग की जवाबदेही कमजोर हुई है। उन्होंने छह अक्टूबर को दिल्ली में प्रस्तावित विपक्षी मार्च सहित आगे भी विरोध प्रदर्शन जारी रखने की बात कही।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)