• Wed. Jun 3rd, 2026

24×7 Live News

Apdin News

सात साल में दो बड़े हमले:सस्ता कोचिंग मॉडल बना माफिया के गले की फांस, खान सर को क्यों बनाया जा रहा निशाना? – Patna Khan Sir Coaching Centre Firing Outside Musallahpur Haat Rivalry Suspected

Byadmin

Jun 3, 2026


बिहार की राजधानी पटना का सबसे बड़ा कोचिंग हब मुसल्लाहपुर हाट मंगलवार की शाम गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। देश के सबसे लोकप्रिय और चर्चित शिक्षक खान सर के कोचिंग सेंटर पर अज्ञात बदमाशों ने सरेआम गोलीबारी की। हमलावरों ने कोचिंग को निशाना बनाते हुए करीब पांच-छह राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस अचानक हुए हमले से पूरे इलाके में भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई। 

इस दुस्साहसिक हमले में कोचिंग संस्थान की सुरक्षा में तैनात एक निजी सुरक्षा गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया है। गोली लगने के तुरंत बाद उसे खून से लथपथ हालत में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। हमलावर इतने बेखौफ थे कि उन्होंने फायरिंग करने के साथ-साथ कोचिंग के बाहर लगे खान सर के बड़े-बड़े पोस्टर्स और बैनर भी फाड़ दिए और मौके से फरार हो गए।

भारी पुलिस बल तैनात, सीसीटीवी खंगाल रही टीमें

वारदात की भयावहता को देखते हुए पटना के एसएसपी और एसपी समेत कई थानों की पुलिस टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। पूरे मुसल्लाहपुर हाट इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। फॉरेंसिक और खोजी दस्ता टीमों ने घटनास्थल से गोलियों के खोखे और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं, एएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने कहा कि यह शारीरिक हमले से जुड़ा मामला है। जानकारी मिली है कि गार्ड को चोटें आई हैं; इसलिए, उनका बयान और साथ ही स्थानीय लोगों के बयान दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जा रही है। घायल व्यक्ति का फिलहाल इलाज चल रहा है।


पटना पुलिस के आला अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती इनपुट्स और जांच के आधार पर यह मामला दो कोचिंग संचालकों के बीच वर्चस्व की लड़ाई का लग रहा है। चूंकि घटना अभी बहुत ताजा है, इसलिए हमलावरों के नाम और चेहरे साफ नहीं हो पाए हैं। पुलिस प्रशासन कोचिंग के आसपास और सड़कों पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाल रहा है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों के सुराग मिल रहे हैं और उन्हें जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

खान सर ने क्या कहा? 

इस घटना के बाद खान सर ने कहा कि सबसे बड़ी समस्या यही है कि हम इतनी कम फीस में बच्चों को क्यों पढ़ा रहे हैं और हमारी कोचिंग से इतने सारे छात्र परीक्षाओं में पास क्यों हो रहे हैं? जब हजारों गरीब बच्चे कामयाब होने लगते हैं, तो कुछ असामाजिक तत्वों को डर लगने लगता है। उन्हें लगता है कि वे हमें डरा-धमका कर चुप करा देंगे। हमलावरों ने हमारे ऑफिस में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की और गोलियां चलाईं। हमारे सुरक्षा गार्ड ने हमलावरों को साफ पहचान लिया है, ये पास के ही एक कोचिंग सेंटर के लोग हैं। इन्होंने पहले भी हमारे सेंटर को बम से उड़ाने की लिखित धमकी दी थी। हमने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को दे दी है। हम प्रशासन से सुरक्षा की मांग करते हैं, क्योंकि गरीब बच्चों को भी पढ़ाई करने का पूरा अधिकार है। अब आगे की कार्रवाई प्रशासन को ही संभालनी है।


आखिर कौन हैं खान सर और क्यों हैं वे निशाने पर?

करोड़ों छात्रों के बीच ‘खान सर’ के नाम से मशहूर फैजल खान पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र में ‘खान ग्लोबल स्टडीज’ (केजीएस) नाम का संस्थान चलाते हैं। वे यूट्यूब और डिजिटल दुनिया में भारत के सबसे बड़े और चहेते शिक्षकों में गिने जाते हैं। खान सर अपने संस्थान में यूपीएससी, बीपीएससी, एसएससी, रेलवे, बैंकिंग और डिफेंस जैसी कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराते हैं।

खान सर की सबसे बड़ी खासियत उनका ‘लो-फीस मॉडल’ सस्ती शिक्षा है। जहां देश के बड़े कोचिंग संस्थान इन परीक्षाओं के लिए छात्रों से लाखों रुपये वसूलते हैं, वहीं खान सर पूरे कोर्स की फीस बेहद कम रखते हैं। इसके साथ ही उनके पढ़ाने का अंदाज बेहद अनूठा, सरल और देसी है। वे जटिल से जटिल विषयों को भी भोजपुरी और स्थानीय मुहावरों के जरिए चुटकियों में समझा देते हैं। यही वजह है कि देश के कोने-कोने से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लाखों छात्र उनसे पढ़ने पटना आते हैं। लेकिन, उनका यही सस्ता मॉडल और रिकॉर्ड तोड़ सफलता कुछ बड़े कोचिंग माफियाओं की आंखों की किरकिरी बनी हुई है।

सात साल में दूसरा बड़ा हमला

खान सर और उनके छात्रों को डराने का यह कोई पहला प्रयास नहीं है। इस हमले ने सात साल पुराने उस खौफनाक मंजर की याद दिला दी है जब 10 मई 2019 को इसी कोचिंग सेंटर के बाहर अज्ञात बदमाशों ने एक के बाद एक तीन से आठ क्रूड बम फेंके थे। उस वक्त बमबाजी से एक छात्र की स्कूटी के परखच्चे उड़ गए थे और बदमाशों ने कोचिंग के अंदर घुसकर तोड़फोड़ की थी।

2019 के मामले में पुलिस ने जांच के बाद इसे एक छात्र और सुरक्षा गार्ड के बीच बैग रखने को लेकर हुआ मामूली विवाद बताया था। हालांकि, खान सर ने हमेशा यह स्टैंड लिया कि वह हमला कोचिंग माफिया की व्यावसायिक रंजिश का हिस्सा था। अब दो जून 2026 को सीधे गोलियां चलना इस बात की पुष्टि करता है कि खान सर को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। हाल ही में जून 2026 में देश के सबसे बड़े नीट पेपर लीक मामले पर भी खान सर ने बेहद कड़ा रुख अपनाया था और दोषियों को फांसी देने तक की मांग की थी, जिससे वे दोबारा सुर्खियों में आ गए थे।

By admin