डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में राजस्थान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में वांछित एक आरोपी को महाराष्ट्र के नासिक से हिरासत में लिया गया है। आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था और उसने अपना हुलिया भी बदल लिया था।
नासिक के डीसीपी किरण कुमार चव्हाण ने बताया कि राजस्थान पुलिस ने सुबह इस मामले में सहयोग मांगा था। इसके बाद राजस्थान पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर नासिक क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया।
पहचान छिपाने के लिए बदला हेयर स्टाइल और लुक
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम खैरनार के रूप में हुई है, जो कथित तौर पर NEET पेपर लीक नेटवर्क से जुड़ा हुआ है।
डीसीपी चव्हाण ने बताया कि आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अपना हेयर स्टाइल, पहनावा और पूरा लुक बदल लिया था। शुरुआत में उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा था, लेकिन तकनीकी सर्विलांस और खुफिया जानकारी की मदद से पुलिस उसकी लोकेशन तक पहुंच गई।
उन्होंने बताया कि राजस्थान पुलिस के नासिक पहुंचने के बाद आरोपी को उनके हवाले कर दिया जाएगा। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, शुभम पिछले कुछ वर्षों से मध्य प्रदेश के भोपाल में पढ़ाई कर रहा था।
रद हुई NEET-UG 2026 परीक्षा
गौरतलब है कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने 3 मई को आयोजित NEET-UG 2026 परीक्षा को पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोपों के बाद रद कर दिया है। केंद्र सरकार ने मामले की विस्तृत जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी है।
अब मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी। नई परीक्षा तिथि और एडमिट कार्ड जारी करने का शेड्यूल जल्द आधिकारिक माध्यमों से घोषित किया जाएगा।
23 लाख छात्रों ने दी थी परीक्षा
NEET-UG 2026 परीक्षा देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में आयोजित की गई थी। इसमें करीब 23 लाख उम्मीदवार शामिल हुए थे।
एनटीए ने कहा कि विभिन्न एजेंसियों से मिली जानकारी और जांच रिपोर्ट के आधार पर यह साफ हो गया कि मौजूदा परीक्षा प्रक्रिया को जारी रखना उचित नहीं होगा। एजेंसी ने भरोसा दिलाया है कि सीबीआई जांच में पूरा सहयोग दिया जाएगा और सभी जरूरी रिकॉर्ड व दस्तावेज उपलब्ध कराए जाएंगे।