डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। तेलंगाना के हैदराबाद के पास एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गाड़ी का ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया।
शमशाबाद पुलिस के अनुसार, यह भीषण सड़क दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर पालमकुला गांव के बाहरी इलाके में हुई।बताया जा रहा है कि एक इनोवा कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार चार लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 54 वर्षीय व्यवसायी केथावथ लिंब्या, उनकी 45 वर्षीय पत्नी व गृहिणी केथावथ जमुना, 48 वर्षीय व्यवसायी कट्रावथ मानसिंह और लिंब्या के 45 वर्षीय बेटे केथावथ वाश्राम के रूप में हुई है।
गणेश विसर्जन से लौट रहे थे पीड़ित
पुलिस के मुताबिक, हादसे का शिकार हुए सभी लोग महबूबनगर स्थित अपने पैतृक गांव से वापस लौट रहे थे। ये सभी लोग गांव में गणेश विसर्जन की रस्मों और कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए गए थे। विसर्जन के बाद वापसी के दौरान ही यह जानलेवा हादसा हो गया।