• Tue. Jun 9th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

हैदराबाद: पेंशन के लिए पिता की हत्या, सात साल पुराने केस में बेटा-बेटी को मौत की सजा

Byadmin

Jun 9, 2026


डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। एक स्थानीय अदालत ने सोमवार को 2019 में सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी की हत्या के मामले में उनके बेटे और बेटी को मौत की सजा सुनाई, जबकि पत्नी को आजीवन कारावास की सजा दी गई।

70 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या परिवार के सदस्यों ने उनकी पेंशन का लाभ लेने के लिए की थी। उन्होंने उनके भोजन में धतूरा पाउडर मिलाया और बाद में शव के टुकड़े काटकर उन्हें घर के अंदर बाल्टियों में भरकर रख दिया, क्योंकि वे उनका अंतिम संस्कार नहीं कर पा रहे थे।

मलकाजगिरि स्थित मुख्य जिला न्यायाधीश ने अभियुक्तों को आइपीसी की संबंधित धाराओं के तहत दोषी करार दिया। अभियोजन पक्ष के अनुसार, रेलवे कर्मचारी 2000 तक मालगाड़ी चालक के रूप में कार्यरत थे और उन्होंने चिकित्सा कारणों से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली थी।

पेंशन के लिए पिता की हत्या

तीनों दोषियों ने उनकी पेंशन और घर पर कब्जा करने के लिए उनकी हत्या की साजिश रची थी, ताकि वे मौज-मस्ती के लिए इसका इस्तेमाल कर सकें।

उन्होंने 15 अगस्त, 2019 को बुजुर्ग व्यक्ति को भोजन के साथ धतूरा पाउडर खिला दिया, जिससे एक दिन बाद उनकी मौत हो गई। उन्होंने शव के टुकड़े-टुकड़े कर दिए और सुबूत मिटाने के लिए उन्हें अपने घर में छह बाल्टियों में भरकर रख दिया।

हालांकि, घर से दुर्गंध आने पर कुछ स्थानीय निवासियों ने 18 अगस्त को संदेह के आधार पर घर में प्रवेश किया और मानव अवशेष पाए। उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। तीनों को 21 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया गया।

By admin