डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बीते 24 घंटे में देशभर में अलग-अलग जगहों पर हुए 5 भीषण हादसों ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। कोलकाता के पूजा पंडाल में भगदड़ से लेकर कोटा में बस और ग्वालियर में अनियंत्रित ट्रक के कहर ने त्योहारों की खुशियों के बीच मातम फैला दिया है। देश के अलग-अलग राज्यों में हुए इन 5 हादसों में 43 लोगों की मौत हो गई है।
ग्वालियर में 14 लोगों की मौत
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास शनिवार देर लगभग 1:30 बजे दर्दनाक हादसा हो गया, जहां नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान छिनोर से आने वाली सड़क पर एक अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। मौके पर तैनात दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।

एसएसपी के अनुसार, इस हादसे में अब तक 39 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है, जिनमें से 12 की मौत हो चुकी है। 5-6 मरीज गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें फ्रैक्चर हुए हैं, जबकि बाकी को मामूली चोटें आई हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें…
कोलकाता हादसा लेटेस्ट अपडेट
कोलकाता के चोरबागान क्षेत्र में स्थित सर्वजनिन दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम को हुई भगदड़ में 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर है। मृतकों में चार पुरुष, दो बच्चे और 13 महिलाएं शामिल हैं। 11 घायलों को एसएसकेएम अस्पताल रेफर किया गया है।

इस हादसे के बाद बंगाल सरकार ने शहर के बड़े और लोकप्रिय दुर्गापूजा पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच के लिए विशेष टीम गठित की है। टीम में आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव राजेश सिन्हा, दमकल विभाग के महानिदेशक अनुज शर्मा और विशेष कार्यबल के अतिरिक्त महानिदेशक जावेद शमीम शामिल हैं। कोलकाता पुलिस भी निरीक्षण में सहयोग करेगी और पुलिस महानिदेशक टीम का मार्गदर्शन करेंगे। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें…
यूपी के बलरामपुर में कार ने कई लोगों को रौंदा
यूपी के बलरामपुर में शनिवार रात 11 बजे दर्दनाक हादसा हो गया, जहां चरनगहिया बेलहा में दुर्गा मंदिर के सामने पर्दा लगाकर वीडियो देख रहे ग्रामीणों को एक तेज रफ्तार कार रौंदते हुए निकल गई। इसकी चपेट में आने से सात लोग घायल हो गए, जिसमें तीन की मौत हो गई और चार गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में पाटेश्वरी प्रसाद उर्फ महता प्रसाद, मनोज सिंह और गणेश पांडेय की मौत हो गई। इस हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर होने पर उन्हे बहराइच रेफर कर दिया गया। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें…
राजस्थान के कोटा में 8 यात्रियों की मौत
राजस्थान के कोटा में शनिवार तड़के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा हो गया। जहां दिल्ली से मुंबई जा रही एक पैसेंजर बस कोटा जिले में कराड़िया के पास 15 फीट गहरे नाले में गिर गई। इस हादसे में आठ यात्रियों की मौत हो गई है और 17 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। अंधेरे के कारण रेस्क्यू में कुछ देरी भी हुई। घायलों को खिड़की तोड़कर बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला गया। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें…

हैदराबाद में डांडिया कार्यक्रम के दौरान गिरा तोरण
हैदराबाद के इंजीनियरिंग कॉलेज में डांडिया कार्यक्रम के दौरान तोरण गिर गया। जिससे इंजीनियरिंग की एक छात्रा की मौत हो गई और 14 अन्य लोग घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि हवा के कारण तोरण गिर गया, जिससे छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। लेकिन इलाज के दौरान छात्रा की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि इस घटना में 14 अन्य लोग भी घायल हो गए हैं, लेकिन वे खतरे से बाहर हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें…