• Wed. Jun 17th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

50 डिग्री गर्मी और जंग के बीच ईरानी तेल की पाकिस्तान में तस्करी करने वाले बाइक सवार

Byadmin

Jun 17, 2026


मोटरसाइकिल पर तेल लादे हुए मज़ार
इमेज कैप्शन, बलूचिस्तान में ईंधन तस्करी के सफ़र के दौरान मज़ार (तस्वीर में) को 50 डिग्री सेल्सियस तक की गर्मी का सामना करना पड़ता है. साथ ही, ईंधन में आग लगने और यहां तक कि विस्फोट होने का भी ख़तरा रहता है.

मज़ार की छोटी मोटरसाइकिल पेट्रोल से भरे प्लास्टिक के कनस्तरों से इतनी लदी हुई है कि उसके बैठने के लिए मुश्किल से जगह बची है.

उसकी पुरानी मोटरसाइकिल पर 70 लीटर क्षमता वाले तेल के पांच कंटेनर लदे हैं, जिनका कुल वज़न लगभग 272 किलोग्राम है.

तेल के कनस्तर उसकी बाइक के दोनों तरफ़ ख़तरनाक तरीक़े से लटके हुए हैं और उसे रस्सियों से बांधा गया है.

उसने यह ईंधन पाकिस्तान के सबसे बड़े और सबसे ग़रीब प्रांत बलूचिस्तान के मस्तुंग में स्थित एक खुले ईंधन बाज़ार से ख़रीदा है. मज़ार वहीं रहता है.

प्लास्टिक के कंटेनरों से लदे पिक-अप ट्रक वहां ईंधन बेचने के लिए लाए जाते हैं, जिसे ईरान से सीमा पार तस्करी कर लाया जाता है.

By admin