क्रिकेट और तीरंदाजी का दूर-दूर तक कोई सीधा संबंध नजर नहीं आता, लेकिन प्रेरणा किसी भी क्षेत्र से मिल सकती है। भारतीय तीरंदाज साहिल जाधव के लिए ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर शेन वॉटसन की किताब ने दबाव से निपटने और प्रतियोगिता के दौरान खुद को केंद्रित रखने में मदद की है। 25 वर्षीय जाधव अब अगले महीने जापान में होने वाले एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए चुनौती पेश करने की तैयारी कर रहे हैं।
फोन की स्क्रॉलिंग कम करने के लिए शुरू की थी किताब
जाधव ने बताया कि उन्होंने करीब एक महीने पहले वॉटसन की किताब ‘द विनर्स माइंडसेट’ पढ़ना शुरू किया था। शुरुआत में उनका मकसद फोन पर स्क्रॉलिंग में बिताए जाने वाले समय को कम करना था, लेकिन किताब से उन्हें मानसिक मजबूती से जुड़ी अहम सीख मिली।
जाधव ने साइ मीडिया से कहा, ‘मैंने करीब एक महीने पहले शेन वॉटसन की ‘द विनर्स माइंडसेट’ किताब पढ़ना शुरू की। मेरा शुरुआती मकसद फोन पर स्क्रॉल करने में बिताया जाने वाला समय कम करना था। हालांकि, इससे मुझे दबाव से निपटने और प्रतियोगिताओं के दौरान अपना ध्यान केंद्रित रखने के बारे में काफी महत्वपूर्ण जानकारी मिली।’