डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग शनिवार को ब्रिक्स समिट के लिए भारत आएंगे। सात साल में यह उनकी भारत की पहली यात्रा होगी। इस दौरान वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे। इस बात की पुष्टि चीन के विदेश मंत्रालय ने कर दी है।
चीनी विदेश मंत्रालय ने कहा, “भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 12 से 13 सितंबर तक नई दिल्ली में होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे।” इससे पहल न्यूज एजेंसी एएफपी से बात करते हुए विदेश मंत्रालय ने कहा था कि चिनफिंग की यात्रा को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है।
अहम होगा चिनफिंग का ये दौरा
उम्मीद है कि यह दौरा एक अहम कूटनीतिक कार्यक्रम होगा। इसका असर दोनों एशियाई ताकतों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को स्थिर करने की कोशिशों और अस्थिर वैश्विक हालात (खासकर पश्चिम एशिया के संघर्ष और रूस-यूक्रेन युद्ध) के बीच ब्रिक्स सहयोग पर भी पड़ेगा।
इस प्रभावशाली समूह के मौजूदा अध्यक्ष के तौर पर भारत 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स समिट की मेजबानी करेगा।
आखिरी बार कब भारत आए थे चिनफिंग?
शी ने आखिरी बार 2019 में चेन्नई के पास मल्लापुरम में मोदी के साथ अनौपचारिक शिखर सम्मेलन के लिए भारत का दौरा किया था। इससे पहले उन्होंने 2016 में ब्रिक्स समिट में भाग लेने के लिए गोवा का दौरा किया था और सितंबर 2014 में पहली बार भारत आए थे जब उन्होंने मोदी के साथ व्यापक बातचीत की थी। 2014 का दौरा दोनों नेताओं के कार्यकाल के शुरुआती दौर में हुआ था।