बिहार के पटना में व्यवसायी गोपाल खेमका की हत्या के मामले में पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने उमेश कुमार नामक एक शूटर को गिरफ्तार किया है, जो मुख्य आरोपियों में से एक है। पूछताछ में उमेश ने कई खुलासे किए हैं, जिसके बाद पुलिस ने छापेमारी की है और कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।

इस हत्याकांड में शामिल मुख्य आरोपी की तस्वीर एनबीटी.डॉट कॉम के हाथ लगी है। इस तस्वीर में आरोपी सोफे पर बैठा नजर आता है। उसमें ब्लू कलर की जींस और टीशर्ट पहन रखी है। उसके पास बैड पर एक और शख्स बैठा नजर आता है। शूटर उमेश पटना सिटी का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि पुलिस के पास शूटर उमेश के खिलाफ पुख्ता सबूत हैं।
हत्या की साजिश और जांच का दायरा बढ़ा
घटना शुक्रवार रात करीब 11:40 बजे हुई, जब गोपाल खेमका बांकीपुर क्लब से लौट रहे थे। घर के पास स्कूटी सवार बदमाश ने उन्हें गोली मार दी। इससे कार में ही उनकी मौत हो गई। परिवारवालों ने पुलिस पर देर से पहुंचने का आरोप लगाया, जिसे DGP विनय कुमार ने खारिज किया। उन्होंने बताया कि तकनीकी सबूतों के आधार पर जांच आगे बढ़ रही है और कई सुराग मिले हैं।
पुलिस की जांच जेलों तक पहुंची
इस घटना ने बिहार की राजनीति को भी गर्मा दिया है। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और परिवार से मुलाकात कर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने SIT गठित करने का आदेश देते हुए कहा कि कानून का राज सरकार की प्राथमिकता है। पुलिस जेलों तक जांच का दायरा बढ़ा चुकी है।