• Wed. Sep 25th, 2024

24×7 Live News

Apdin News

Harini Amarasuriya: दिल्ली में हुई पढ़ाई, एडनबर्ग से किया PhD; पढ़ें कौन हैं श्रीलंका की नई प्रधानमंत्री हरिनी

Byadmin

Sep 25, 2024


Sri Lanka PM Harini Amarasuriya Biography श्रीलंका की नई प्रधानमंत्री हरिनी अमरसूर्या का भारत से विशेष संबंध है। उन्होंने दिल्ली के हिंदू कॉलेज से पढ़ाई की थी। अमरसूर्या ने 1991 से 1994 तक दिल्ली विश्वविद्यालय से समाजशास्त्र में स्नातक की डिग्री हासिल की। 54 वर्षीय शिक्षाविद से राजनीतिज्ञ बनीं हरिनी ने मंगलवार को श्रीलंका के 16वें प्रधानमंत्री के रूप में पदभार संभाला।

पीटीआई, नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक तक की शिक्षा प्राप्त करने वाली हरिनी अमरसूर्या ने मंगलवार को श्रीलंका के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। एस. भंडारनायके के निधन के बाद प्रधानमंत्री बनने वाली पहली और इस पद तक पहुंचने वाली तीसरी महिला नेता हैं।

हरिनी को मिले कई मंत्रालय

राष्ट्रपति दिसानायके ने 54 वर्षीया हरिनी समेत चार लोगों को मंत्रिमंडल में नियुक्त किया है। उन्हें न्याय, शिक्षा, श्रम, उद्योग, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य और निवेश मंत्री का कार्यभार सौंपा गया है। राष्ट्रपति चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद दिनेश गुणवर्धने ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।

कौन हैं श्रीलंका की नई प्रधानमंत्री हरिनी

दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कालेज से समाज विज्ञान में स्नातक करने के बाद हरिनी अमरसूर्या ने ऑस्ट्रेलिया से एप्लाइड एंथ्रोपोलाजी में स्नातकोत्तर की शिक्षा पाई और उसके बाद एडनबर्ग विश्वविद्यालय से सामाजिक मानविकी में पीएचडी की। वह श्रीलंका विश्वविद्यालय में व्याख्याता रही हैं।

नवंबर के अंत में होंगे चुनाव

उधर एनपीपी सांसदों में विजिता हेरात और लक्ष्मण निपुणार्ची ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली है। संसद विघटित होने के बाद यह व्यवस्था कार्यवाहक मंत्रिमंडल के रूप में काम करेगी और उसके बाद चुनाव की घोषणा की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि नवंबर के अंत में देश में चुनाव हो सकते हैं।

ईस्टर संडे हमले की फिर से जांच कराएंगे राष्ट्रपति

श्रीलंका के नए राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने मंगलवार को कहा कि वह 2019 के ईस्टर संडे आतंकी हमले की जांच फिर से कराएंगे।

स्थानीय जिहादी समूह नेशनल तौहीद जमात (एनटीजे) के आतंकियों ने सिलसिलेवार बम विस्फोट किए थे जिसमें 11 भारतीय समेत 270 लोगों की मौत हो गई थी।

दिसानायके ने मंगलवार को कैथोलिक चर्च के प्रमुख मैल्कम कार्डिनल रंजीत को शिष्टाचार भेंट में ईस्टर संडे हमलों की सच्चाई सामने लाने का भरोसा दिया।

यह भी पढ़ें: Anura Dissanayake: कौन हैं अनुरा दिसानायके, जो बन सकते श्रीलंका के राष्ट्रपति; क्यों माना जा रहा चीन का करीबी?

By admin