• Sat. Sep 19th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

IIT बॉम्बे में स्टूडेंट ने किया सुसाइड, एग्जाम में AI का इस्तेमाल करते पकड़ा गया था; नाराज छात्रों का प्रदर्शन

Byadmin

Sep 19, 2026


डिजिटल डेस्क, मुंबई। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी बॉम्बे (IIT Bomaby) में B.Tech के दूसरे साल के एक छात्र ने आत्महत्या कर ली है। IIT पवई कैंपस में छह महीने में आत्महत्या का यह तीसरा मामला है।

जानकारी में सामने आया है कि इस छात्र को परीक्षा के दौरान ChatGPT का इस्तेमाल करते पकड़ा गया था। उसी शाम वो छात्र हॉस्टल के कमरे में मृत पाया गया।

छात्र की आत्महत्या की घटना के बाद कैंपस में छात्र विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और संस्थान प्रशासन से जवाबदेही की मांग की जा रही है।

IIT बॉम्बे ने छात्र की आत्महत्या के मामले में एक बयान जारी करते हुए कहा कि वह एक छात्र की मौत से बहुत दुखी है। IIT बॉम्बे की तरफ से कहा गया, ‘संस्थान छात्र के दोस्तों, क्लासमेट्स, फैकल्टी सदस्यों और इस दुखद घटना से प्रभावित अन्य लोगों को सहायता दे रहा है। संबंधित अधिकारी मौत के कारणों की जांच कर रहे हैं।’

छात्रों और प्रशासन के बीच बातचीत के दौरान स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कैंपस में भारी सुरक्षा बल तैनात किया है।

हॉस्टल के कमरे में किया सुसाइड

संस्थान ने बताया कि एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के इस छात्र ने परीक्षा के दौरान प्रश्न पत्र को ChatGPT पर अपलोड किया था, जिससे उसे जवाब मिल सकें।

अधिकारियों ने बताया कि छात्र के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की गई थी। इंस्ट्रक्टर और विभागाध्यक्ष ने छात्र से इस मामले पर बात भी की थी। उन्होंने उसे समझाया और भरोसा दिलाया कि इस घटना का उसके एकेडमिक करियर पर कोई बुरा असर नहीं पड़ेगा।

विभागाध्यक्ष से बातचीत के बाद छात्र अपने हॉस्टल के कमरे में चला गया और शाम को वह अपने कमरे में मृत पाया गया।

छात्रों का प्रदर्शन

बी.टेक स्टूडेंट के आत्महत्या करने के बाद, कई छात्र विरोध प्रदर्शन के लिए इकट्ठा हुए और संस्थान के प्रशासन से जवाबदेही की मांग की।

एक छात्र ने कहा, ‘हमारे विरोध का कारण यह है कि आज हमारे कॉलेज में एक छात्र ने आत्महत्या कर ली। इसीलिए हम विरोध करने के लिए इकट्ठा हुए हैं – ताकि प्रशासन से जवाबदेही, पारदर्शिता और सवालों के जवाब मांग सकें।’

छात्र ने आगे कहा, ‘यह पहली घटना नहीं है। अकेले इस साल ऐसी चार घटनाएं हो चुकी हैं और दो तो पिछले दो महीनों में ही हुई हैं। हमें नहीं पता कि ऐसा क्यों हो रहा है, इसके पीछे क्या कारण हैं।’

कैंपस में भारी सुरक्षा बल तैनात

सीनियर पुलिस अधिकारी दत्तात्रेय नलावडे ने कहा, ‘आज IIT पवई में एक छात्र ने आत्महत्या कर ली। इसके बाद, कुछ IIT छात्र इकट्ठा हुए और अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। IIT प्रशासन उनसे बातचीत कर रहा है ताकि कोई संतोषजनक समाधान निकाला जा सके।’

(समाचार एजेंसी के इनपुट के साथ)

यह भी पढ़ें- 2.25 करोड़ रुपये की जबरन वसूली, मुंबई में ईडी के दो अधिकारियों पर FIR दर्ज

By admin