डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। जालुकबाड़ी विधानसभा सीट (Jalukbari Assembly Election Result 2026) के नतीजे आज यानी 4 मई को आ रहे हैं, इसके लिए सुबह आठ बजे से वोटों की गिनती जारी है। जालुकबाड़ी राज्य की सबसे हॉट सीट है क्योंकि यहां से भाजपा की ओर से असम के वर्तमान मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा मैदान में हैं और उनका मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी बिदिशा नियोग से है। जिन्हें मुख्यमंत्री को उनके अपने गढ़ में चुनौती देने का जिम्मा सौंपा गया है।
लेटेस्ट अपडेट्स
- नौ राउड के बाद हिमंत बिस्वा सरमा ने 41798 वोटों से बड़ी बढ़त बना ली है।
- आठ राउंड की गिनती के बाद हिमंत बिस्वा सरमा कांग्रेस प्रत्याशी से 36664 वोटों से आगे चल रहे हैं।
- सात राउंड की गिनती के बाद हिमंत ने 30159 वोटों से आगे चल रहे हैं।
- हिमंत बिस्वा सरमा ने पांच राउंड की गिनती के बाद जालुकबाड़ी सीट पर बड़ी बढ़त बना ली है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी विदिशा को 17214 वोटों से पीछे छोड़ दिया है।
- जालुकबाड़ी सीट पर चार राउंड के बाद हिमंत बिस्वा सरमा ने 15154 वोटों से बढ़त बना ली है।
- दूसरे राउंड में हिमंत बिस्वा सरमा ने 7748 वोटों से बढ़त बनाई है, उन्हें कुल 11821 वोट मिले, वहीं कांग्रेस प्रत्याशी विदिशा 4073 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर हैं।
- पहले राउंड की मतगणना के बाद हिमंत बिस्वा सरमा ने 4979 वोटों से बढ़त बना ली है। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी विदिशा दूसरे स्थान पर हैं।
- रुझानों में कांग्रेस 2 सीटों और बीजेपी के नेतृत्व वाला NDA 14 सीटों पर आगे
- शुरुआती रुझानों में हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस की बिदिशा नियोग को पीछे छोड़ते हुए बढ़त बना ली है।
- सोमवार सुबह 8 बजे से मतों की गणना शुरू हो चुकी है। जालुकबाड़ी सीट सहित असम की कुल 126 सीटों का रिजल्ट आज दोपहर तक आने की उम्मीद है।
इस सीट को भाजपा का गढ़ माना जाता है और हिमंत बिस्वा सरमा यहां से 25 साल से विधायक हैं, लेकिन इस बार नतीजों पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं। राज्य की कुल 126 विधानसभा सीटों के लिए एक चरण में 9 अप्रैल को मतदान हुआ था।
ऐतिहासिक दबदबा
जालुकबारी असल में हिमंत बिस्वा सरमा के राजनीतिक करियर का ही दूसरा नाम है। वह 2001 से लगातार इस निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। सरमा ने 2001, 2006 और 2011 में कांग्रेस के सदस्य के तौर पर यह सीट जीती और फिर 2016 और 2021 में BJP के बैनर तले जीत हासिल की।
2021 में, उन्होंने भारी बहुमत से जीत हासिल की, उन्हें 77.39% वोट (130,762 वोट) मिले, और उन्होंने INC के रोमेन चंद्र बोरठाकुर को 101,911 वोटों के भारी अंतर से हराया। ऐतिहासिक रूप से, यह सीट दो दशकों से भी ज़्यादा समय से सरमा का एक मजबूत गढ़ बनी हुई है।