• Tue. May 26th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

Karnataka:दिल्ली पहुंचे Cm सिद्धारमैया, डीके शिवकुमार और गृह मंत्री परमेश्वर, कांग्रेस आलाकमान पर टिकी नजरें – Karnataka Politics Siddaramaiah Dk Shiv Kumar G Parameshwara Delhi Visit Updates Congress Meeting Hindi News

Byadmin

May 26, 2026


कर्नाटक की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और गृह मंत्री जी परमेश्वर दिल्ली पहुंच गए हैं। राज्य में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं के बीच यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है। कांग्रेस हाईकमान के साथ होने वाली बैठकों पर अब सभी की नजरें टिकी हुई हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि अगले दो से तीन दिनों में मुख्यमंत्री पद को लेकर तस्वीर साफ हो सकती है। हालांकि कांग्रेस नेतृत्व की ओर से अभी तक किसी बड़े फैसले की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

आखिर दिल्ली दौरे को लेकर क्यों बढ़ी हलचल?

मुख्यमंत्री सिद्धारमैया विशेष विमान से गृह मंत्री जी परमेश्वर के साथ दिल्ली पहुंचे। वहीं उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार भी अलग से दिल्ली रवाना हुए। लंबे समय से कर्नाटक कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चर्चाएं चल रही हैं। डीके शिवकुमार समर्थक लगातार उन्हें मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग उठाते रहे हैं। ऐसे में तीनों बड़े नेताओं का एक साथ दिल्ली पहुंचना राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कांग्रेस हाईकमान किन मुद्दों पर कर सकता है चर्चा?

सूत्रों के मुताबिक दिल्ली में कांग्रेस नेतृत्व राज्यसभा चुनाव, कैबिनेट फेरबदल और विधान परिषद चुनाव जैसे मुद्दों पर चर्चा कर सकता है। इसके अलावा संगठन और सरकार के बीच तालमेल को लेकर भी बातचीत होने की संभावना है। कांग्रेस के कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि राज्यसभा चुनाव को लेकर पार्टी के भीतर चर्चा जारी है और दूसरे मुद्दों पर अटकलें नहीं लगानी चाहिए। हालांकि राजनीतिक हलकों में मुख्यमंत्री पद को लेकर चर्चाएं लगातार बनी हुई हैं।

सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार ने क्या कहा?

मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि उन्हें दिल्ली बैठक के लिए बुलाया गया है, लेकिन एजेंडा की जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने उन्हें बैठक की तारीख और समय की जानकारी दी थी। वहीं डीके शिवकुमार ने दिल्ली रवाना होने से पहले कहा कि कुछ परिस्थितियों में दिल्ली जाना जरूरी होता है। कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने भी इस मुद्दे पर सीधा जवाब देने से बचते हुए कहा कि इस पर राहुल गांधी बात करेंगे।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कर्नाटक कांग्रेस में पिछले डेढ़ साल से नेतृत्व को लेकर असमंजस बना हुआ है। सरकार के ढाई साल पूरे होने के बाद यह चर्चा और तेज हो गई। कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता जी परमेश्वर के नाम की भी चर्चा कर रहे हैं। अब दिल्ली में होने वाली बैठकों के बाद कांग्रेस हाईकमान क्या फैसला लेता है, इस पर सभी की नजर टिकी हुई है। आने वाले कुछ दिन कर्नाटक की राजनीति के लिए बेहद अहम माने जा रहे हैं।

By admin