• Wed. Jul 1st, 2026

24×7 Live News

Apdin News

Ketan Murder Case:लोहागढ़ किले में फिर दोहराया गया केतन की मौत का मंजर; 300 फीट खाई में क्यों फेंकी गई डमी? – Scene Of Ketan’s Death Reenacted At Lohagarh Fort Dummy Thrown Into 300-foot Gorge

Byadmin

Jul 1, 2026


लोहागढ़ किले में पुणे ग्रामीण पुलिस ने बुधवार को चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में क्राइम सीन का रीक्रिएशन किया। इस दौरान जांच अधिकारियों ने घटनाक्रम को दोबारा समझने के लिए केतन की लंबाई और वजन से मेल खाती फाइबर की एक डमी को 300 फीट से अधिक गहरी खाई में फेंका। इससे एक दिन पहले मंगलवार को पुलिस ने दूसरे आरोपी चेतन चौधरी की गतिविधियों का विश्लेषण (गेट एनालिसिस) किया था। सिया गोयल और चेतन बाबूलाल चौधरी पर 18 जून को लोहागढ़ किले में अपने मंगेतर, 26 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या करने का आरोप है।

क्यों किया गया सीन रीक्रिएशन?

क्राइम सीन रीक्रिएशन का उद्देश्य यह पता लगाना था कि घटना वाले दिन चेतन चौधरी किस रास्ते से गया, उसने कहां-कहां आवाजाही की और पूरी घटना किस तरह हुई। जांच के दौरान पुलिस ने वह ट्राउजर भी बरामद कर लिया, जिसे चेतन ने कथित तौर पर हत्या वाले दिन पहना था। इस बीच, महाराष्ट्र की एक अदालत ने सोमवार को पुणे ग्रामीण पुलिस को सिया गोयल और चेतन बाबूलाल चौधरी की पांच दिन की अतिरिक्त पुलिस हिरासत दे दी। प्रारंभिक पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद दोनों आरोपियों को सोमवार को वडगांव मावल कोर्ट में पेश किया गया।

जांच क्यों अधूरी? पुलिस ने कोर्ट को बताई वजह

रिमांड बढ़ाने की मांग करते हुए जांच अधिकारियों ने अदालत को बताया कि मामले की जांच के कई अहम पहलू अभी बाकी हैं। पुलिस ने कहा कि आरोपियों की मौजूदगी में घटनास्थल का दोबारा निरीक्षण और रीक्रिएशन करना है, हत्या के बाद चेतन की गतिविधियों की जांच करनी है, दोनों आरोपियों के बीच हुई फोन पर बातचीत की पड़ताल करनी है और केतन के पासपोर्ट को नष्ट करने से जुड़े सबूत जुटाने हैं।

बाली ट्रिप रोकने के लिए पासपोर्ट नष्ट करने का आरोप

जांच अधिकारियों के अनुसार, सिया गोयल ने कथित तौर पर एक फूड मॉल में रुकने के दौरान केतन का पासपोर्ट चुराया और बाद में उसे फाड़कर जला दिया। उस समय परिवार शादी से पहले बाली घूमने के लिए मुंबई एयरपोर्ट जा रहा था। एयरपोर्ट पहुंचने पर जब केतन को अपना पासपोर्ट नहीं मिला तो बाली यात्रा रद्द करनी पड़ी। पुलिस का मानना है कि दोनों के एक साथ विदेश यात्रा पर जाने से रोकने के लिए यह पूरी साजिश रची गई थी। इससे पहले, परिवार को लेकर जा रहे ड्राइवर ने भी दावा किया था कि सफर के दौरान सिया कुछ देर के लिए अकेले पार्क की गई गाड़ी में लौटी थी और वहां से उसने कुछ सामान निकाला था।

हत्या से पहले का पुराना वीडियो आया सामने

इस बीच, केतन अग्रवाल का एक पुराना वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह पुणे में आयोजित एक पारिवारिक समारोह में अपनी मंगेतर सिया गोयल और दोनों परिवारों के साथ डांस करते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो 7 मई का बताया जा रहा है, जो हत्या से करीब एक महीने पहले का है। वीडियो में 26 वर्षीय केतन अपने रिश्तेदारों के साथ खुशी के माहौल में जश्न मनाते दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो गायिका रीतू शर्मा ने इंस्टाग्राम पर साझा किया था। उन्होंने उसी पारिवारिक समारोह में प्रस्तुति दी थी।

किन दो वीडियो ने खींचा लोगों का ध्यान?

रीतू शर्मा ने मंगलवार रात अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दो वीडियो पोस्ट किए। पहले वीडियो में केतन के पिता विशाल अग्रवाल और सिया के माता-पिता प्रवीण गोयल तथा पूजा गोयल अन्य रिश्तेदारों के साथ मंच के पास खड़े नजर आते हैं। इस दौरान विशाल अग्रवाल, रीतू शर्मा के साथ बॉलीवुड का लोकप्रिय गीत ‘यम्मा-यम्मा’ गाते दिखाई देते हैं। गाने की पंक्तियां ‘बस आज की रात है जिंदगी, कल हम कहां तुम कहां’, माहौल को और भावुक बना देती हैं।

ये भी पढ़ें: पति को छोड़ प्रेमी के संग चली गई थी इलमा, वापस आते ही भाई ने मार डाला; मेरठ हत्याकांड की पूरी कहानी

 

केतन और होने वाले ससुर का डांस वीडियो वायरल

कुछ ही क्षण बाद दूसरे वीडियो में केतन अग्रवाल, सिया के पिता प्रवीण गोयल के साथ फिल्म ‘गदर’ के लोकप्रिय गीत “मैं निकला गड्डी लेके” पर डांस करते नजर आते हैं। दोनों के चेहरों पर मुस्कान साफ दिखाई देती है और समारोह में मौजूद परिवार के सदस्य भी इस पल का आनंद लेते नजर आते हैं। अब यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

By admin