12:03 PM, 30-Jul-2026
गृह मंत्री शाह से डरती हैं देश विरोधी ताकतें: निशिकांत दुबे
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत में कहा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह डरे हुए नहीं हैं, बल्कि आप (राहुल गांधी) उनसे डरते हैं। देश को तोड़ने की कोशिश करने वाली राष्ट्रविरोधी ताकतें ही उनसे डरती हैं। उन्होंने कहा, जनता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें गृह मंत्री बनाया है।
11:42 AM, 30-Jul-2026
विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दे नहीं, रुख बदलना उनकी आदत बन गई: जेपी नड्डा
राज्यसभा में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा, विपक्ष की भूमिका नकारात्मक रही है। सत्र शुरू होने के बाद से उनका पूरा ध्यान सदन की कार्यवाही चलने देने के बजाय उसे बाधित करने और रोकने पर रहा है। मैंने देखा है कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दे नहीं हैं। बार-बार अपना रुख बदलना उनकी आदत बन गई है।
नड्डा ने कहा, सरकार की ओर से मैं साफ करना चाहता हूं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। यह सिर्फ मौजूदा सत्र की बात नहीं है। पिछले सभी सत्रों में भी सरकार हर विषय पर चर्चा के लिए तैयार रही है। जब भी चर्चा हुई है, विपक्ष को शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा है और उसे उचित जवाब मिला है, क्योंकि उनके पास कोई वास्तविक मुद्दे नहीं हैं।
उन्होंने कहा, आज भी जिस चर्चा की उन्होंने मांग की थी, उस पर दोपहर 2 बजे जितेंद्र सिंह चर्चा की शुरुआत करेंगे। एक विधेयक भी चर्चा के लिए आने वाला है। इसके बावजूद मुद्दे बदलते रहना उनकी आदत बन गई है।
11:39 AM, 30-Jul-2026
राज्यसभा से विपक्षी सांसदों का वॉकआउट
लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा के दौरान राज्यसभा में विपक्षी सांसदों ने जोरदार हंगामा किया और वॉकआउट किया।
11:26 AM, 30-Jul-2026
सरकार किसी सवाल का जवाब नहीं देना चाहती: कांग्रेस सांसद अमर सिंह
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर उनकी पार्टी के सांसद अमर सिंह ने कहा, विपक्ष के तौर पर सवाल पूछना हमारी जिम्मेदारी है। लेकिन यह सरकार किसी भी सवाल का जवाब नहीं देना चाहती। पुलिस गृह मंत्री के अधीन आती है और यही एकमात्र मुद्दा उठाया जा रहा है।
11:22 AM, 30-Jul-2026
टीएमसी सांसद कीर्ति आजाद ने पूछा- क्या गारंटी है पेपर लीक नहीं होंगे?
लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 पर तृणमूल कांग्रेस के सांसद कीर्ति आजाद ने कहा, उन्होंने क्या गारंटी दी है कि पेपर लीक नहीं होंगे? उन्होंने कहा कि जुर्माने की राशि एक करोड़ रुपये से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये कर दी गई है। उन्होंने सजा की अवधि भी बढ़ा दी है। लेकिन यह ‘पेपर लीक विरोधी’ कदम असल में है क्या? यह सब बेकार की बातें हैं। आपको ऐसे लोगों को हटाना चाहिए और बर्खास्त कर देना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, जो लोग राम मंदिर के लिए मिले चढ़ावे में गड़बड़ी करते हैं, वे बार-बार चोरी करते हैं। वोट चोरी, चढ़ावे के पैसे की चोरी और पेपर लीक के जरिये चोरी। मैं उनकी कितनी चोरियां गिनाऊं?
11:19 AM, 30-Jul-2026
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले के खिलाफ सपा सांसदों ने प्रदर्शन किया
अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी को लेकर समाजवादी पार्टी के सांसदों ने संसद परिसर में प्रदर्शन किया।
#WATCH | Delhi: Samajwadi Party MPs hold a protest over Ram Mandir donation embezzlement case. pic.twitter.com/lmsPRakTQ8
— ANI (@ANI) July 30, 2026
11:03 AM, 30-Jul-2026
लोकसभा की कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित
विपक्ष के हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही सदन को दो बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
10:57 AM, 30-Jul-2026
गृह मंत्री को पैलेट गन के इस्तेमाल की जिम्मेदारी लेनी चाहिए: राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल
राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने कहा, यह साफ है कि अगर किसी ने गोली चलाई या पैलेट गन से किसी को घायल किया, तो इसके लिए किसी न किसी की अनुमति जरूर रही होगी। अगर एसडीएम ने इसकी अनुमति दी थी, तो क्या गृह मंत्री ने कभी कहा कि एसडीएम ने गलत काम किया?
सिब्बल ने कहा, गृह मंत्री चुप क्यों हैं? उनकी चुप्पी से लगता है कि यह सब उनकी सहमति से हुआ। अगर ऐसा नहीं होता, तो वह सार्वजनिक रूप से कहते कि एसडीएम ने गलत फैसला लिया था। उन्होंने कहा कि एक तरफ भाजपा ने शुरुआत में पैलेट गन के इस्तेमाल से इनकार किया था। लेकिन जब राहुल गांधी ने लोगों के चेहरे और शरीर पर लगी चोटें दिखाईं, तो उन्हें मानना पड़ा कि पैलेट गन चलाई गई थी। इसलिए गृह मंत्री को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। लेकिन वह न तो सदन में आ रहे हैं, न कोई बयान दे रहे हैं और न ही यह स्वीकार कर रहे हैं कि कोई गलती हुई है।”
10:55 AM, 30-Jul-2026
मुद्दे को बड़ा बनाकर निजी हित साध रहे राहुल गांधी: भाजपा सांसद दामोदर अग्रवाल
भाजपा सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा, पिछले दो हफ्तों से हम देख रहे हैं कि (लोकसभा में विपक्ष के नेता) राहुल गांधी सदन की कार्यवाही बाधित कर रहे हैं। उनके जो भी मुद्दे हैं, उन पर सदन के अंदर चर्चा होनी चाहिए। वहीं तर्क और तथ्य रखे जाने चाहिए। शुरुआत में उन्होंने नीट पर चर्चा की मांग की थी। वह बाहर प्रदर्शन करते रहे, जबकि सरकार सदन के अंदर चर्चा के लिए तैयार बैठी थी। इसके बाद उन्होंने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की और इस्तीफा दे दिया गया।
उन्होंने आगे कहा, अब वह दावा कर रहे हैं कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गोली चलाने का आदेश दिया था। जबकि वास्तव में कोई गोली चली ही नहीं, तो फिर गोली किसने चलाई, यह सवाल ही पैदा नहीं होता। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी किसी मुद्दे को बेवजह बड़ा बनाकर और जनता में असंतोष फैलाकर अपने निजी हित साधने की कोशिश कर रहे हैं।
10:53 AM, 30-Jul-2026
सिर्फ दिखावा कर रही सरकार, छिपाए जा रहे असली मुद्दे: माकपा सांसद जॉन ब्रिटास
सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 पर माकपा सांसद जॉन ब्रिटास ने कहा, हमें इस विधेयक पर चर्चा करने में कोई दिक्कत नहीं है। लेकिन हमारा मानना है कि सिर्फ विधेयक पारित कर देने से इस समस्या को कम करने या हल करने में मदद नहीं मिलेगी।
उन्होंने कहा, इन लिखित परीक्षाओं की पूरी व्यवस्था और ढांचा भ्रष्ट, अक्षम और पारदर्शिता की कमी वाला है। हम सरकार से आग्रह करेंगे कि वह इस व्यवस्था में बदलाव करे। सरकार सिर्फ यह दिखाने की कोशिश कर रही है कि उसने समस्या का समाधान कर दिया है, जबकि असल मुद्दे को छिपाया जा रहा है।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बयान पर उन्होंने कहा, अगर अमित शाह को छात्रों पर हुई गोलीबारी या उनके साथ हुई बर्बर कार्रवाई की जानकारी नहीं थी, तो वह दिल्ली पुलिस का नेतृत्व करने के योग्य नहीं हैं। अगर उन्हें इसकी जानकारी थी और वह इसमें पूरी तरह शामिल थे, तो वह भी दोषी हैं। इसलिए किसी भी स्थिति में उन्हें संसद आकर विपक्ष के सवालों का जवाब देना चाहिए।