डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शनिवार रात 8:30 बजे देश के नाम संबोधन दिया। पीएम मोदी ने महिला आरक्षण से जुड़े बिल के पारित न होने पर विपक्ष को जिम्मेदार ठहराया।
पीएम मोदी ने महिला आरक्षण विधेयक के पारित न होने पर कहा, ‘नारी के दुख में मैं भी दुखी हूं। महिलाओं को अधिकार देने वाला यह संशोधन, जो 40 वर्षों से लंबित था, उन्हें 2029 के लोकसभा चुनावों से ही यह अधिकार प्रदान करने के बारे में था।’
पीएम मोदी ने विपक्ष पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘नारी अपना अपमान कभी नहीं भूलती। महिला आरक्षण विधेयक का विरोध करके विपक्ष ने जो पाप किया है, उसकी सजा उन्हें जरूर मिलेगी।’
पीएम ने आगे कहा, ‘आज भारत का हर नागरिक देख रहा है कि कैसे भारत की नारी शक्ति की उड़ान को रोक दिया गया। उनके सपनों को बेरहमी से कुचल दिया गया।’
पीएम ने संबोधन में कहा, ‘हमारे भरसक प्रयास के बावजूद हम सफल नहीं हो पाए। नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन नहीं हो पाया। इसके लिए मैं देश की माताओं-बहनों से क्षमा प्रार्थी हूं।’

‘महिला का अधिकार छीनकर विपक्ष ताली बजा रहा था’
पीएम ने कहा, ‘कांग्रेस, DMK, TMC और समाजवादी पार्टी जैसी पार्टियों की स्वार्थी राजनीति का खामियाजा देश की महिलाओं को भुगतना पड़ा है। कल, पूरे देश में करोड़ों महिलाओं की नजरें संसद पर टिकी थीं।’
प्रधानमंत्री ने आगे कहा, ‘यह देखकर बेहद दुख हुआ कि जब महिलाओं के हित में लाया गया यह प्रस्ताव गिर गया, तो कांग्रेस, DMK, SP और TMC जैसी पार्टियां तालियां बजा रही थीं। महिलाओं के अधिकार छीनकर, वे अपनी मेजें थपथपा रही थीं।’
पीएम मोदी ने देश से कहा, ‘वो ये भूल रहे हैं कि 21वीं सदी की नारी देश की हर घटना पर नजर रख रही है। वो उनकी मंशा भाप रही हैं और सच्चाई भी भलीभांति जान चुकी है।’
पीएम ने कांग्रेस पर बोला हमला
पीएम ने देश को संबोधित करते हुए कहा, ‘कांग्रेस का एक ही पैटर्न रहा है, झूठ बोलो-भ्रम फैलाओ। कांग्रेस को यह पॉलिटिक्स अंग्रेजों से विरासत में मिली है और कांग्रेस आज भी उसी बैसाखी पर चल रही है।‘
पीएम ने आगे कहा, ‘कांग्रेस ने हमेशा देश में बंटवारे वाली भावनाओं को हवा दी है। इसीलिए यह झूठ फैलाया गया कि परिसीमन से कुछ राज्यों को नुकसान होगा। जबकि सरकार ने पहले दिन से ही यह साफ कर दिया है कि किसी भी राज्य की हिस्सेदारी का अनुपात नहीं बदलेगा, न ही किसी का रिप्रेजेंटेशन कम होगा, बल्कि सभी राज्यों की सीटें बराबर अनुपात में बढ़ेंगी।’
‘महिला आरक्षण की मांग जारी रहेगी’
प्रधानमंत्री मोदी ने संबोधन को समाप्त करते हुए कहा, ‘मुझे पता है कि आज मेरे देश की माताएं, बहनें, बेटियां… आप सभी शोक में हैं। मैं भी आपके इस दुख में आपके साथ शोकाकुल हूं। लेकिन हमारा प्रयास रुकेगा नहीं, हमारा प्रयास डगमगाएगा नहीं, हमारी आंतरिक शक्ति अजेय है।’